देश में मीटू अभियान चल रहा है, जिसके तहत महिलाएं सामने आ रही हैं और खुद के साथ हुए यौन शोषण के खिलाफ आवाज उठा रही हैं। अखबार, टीवी और सोशल मीडिया हर जगह उनके द्वारा लगाए आरोपों पर खबर भी आ रही हैं। जो मामले हेडलाइन बन रहे हैं उनमें सिलेब्रिटी, पत्रकार और नेताओं पर आरोप लगे हैं।
लेकिन उस कार्यस्थल को शायद लोग भूल गए हैं जहां यौन शोषण सबसे अधिक होता है। और उन महिलाओं में शिकायत करने की हिम्मत भी कम ही होती है। अगर शिकायत कर भी दें तो भी उन्हें न्याय कम ही मिल पाता है। अगर बात खबरों में आने की हो तो ऐसे मामले बेहद कम ही आते हैं। हम बात कर रहे हैं घरों में काम करने वाली मेड की।