कर्नाटक में दिगंबर जैन मुनि आचार्य श्री कामकुमारा नंदी महाराज की हत्या पर बवाल बढ़ता जा रहा है। जैन समुदाय के लोगों का गुस्सा बढ़ गया है। यह लोग सोमवार को दिल्ली के जंतर- मंतर में पहुंच गए हैं।
बता दें, कर्नाटक का मामला दिल्ली तक पहुंच गया है। जैन समुदाय के लोग सोमवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पहुंचे। यहां इन्होंने नारे लगाए और विरोध प्रदर्शन किया।
यह है मामला
दरअसल, कामकुमारा नंदी महाराज 15 साल से नंदी पर्वत जैन मठ में रहते थे। 6 जुलाई को उनके प्रबंधक बसाड़ी भीमप्पा उगारे ने उनके लापता होने की सूचना पुलिस को दी गई थी। पुलिस ने जांच शुरू की तो सामने आया कि मुनि लोगों को ऋण दिया करते थे। संदिग्धों को भी उन्होंने पैसा दिया था, जिसे वापस मांग रहे थे, लेकिन बदले में दोनों ने उनकी हत्या कर दी।
लगावी जिले के चिक्कोड़ी तहसील की इस घटना में दो आरोपियों नारायण बसप्पा माडी और हसन दलायथ को गिरफ्तार किया गया। उनसे पूछताछ के बाद एक बोरवेल से मुनिक के शव के टुकड़े बरामद किए गए। वहीं मुख्यमंत्री ने कहा था कि मामले की विस्तृत जांच होगी और दोषियों को अदालत सजा देगी।
पूर्व सीएम ने साधा था निशाना
इससे पहले, पूर्व सीएम बसवराज बोम्मई ने भी मौजूदा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा था कि हत्या के मामले में कुछ भी नहीं किया गया है। कानून और पुलिस का कोई डर नहीं है। सभी असामाजिक तत्व खुलेआम घूम रहे हैं। लोगों में सनसनी है। उन्होंने कहा कि पहले से ही संकेत मिल रहे हैं कि इस सरकार ने स्थानांतरण आदि की आड़ में पुलिस का मनोबल गिरा दिया है और अप्रत्यक्ष रूप से इन बदमाशों का समर्थन कर रही है।