भाजपा सांसद उदित राज ने मी टू अभियान को देश की संस्कृति के खिलाफ और गलत परंपरा की शुरुआत बताया। उन्होंने सवाल किया कि आखिर दस-दस साल बाद आरोप मढ़ने का औचित्य क्या है। इस दौरान सांसद ने यह भी कहा कि कुछ महिलाएं यौन शोषण के आरोपों के बहाने ब्लैकमेल के जरिए धन उगाही कर रही हैं। उदित राज का यह बयान ऐसे समय आया है जब बीते सोमवार को ही केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी ने इस अभियान का समर्थन किया था।
‘हैशटैग मीटू’ के जोर पकड़ने के बाद मुंबई अकेडमी ऑफ मूविंग इमेज (मामी) ने घोषणा अपने फिल्म फेस्टिवल से एआईबी की फिल्म चिंटू का बर्थडे और रजत कपूर की फिल्म कड़क को हटाने की घोषणा की है। मामी के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर शेयर एक बयान में कहा गया है, ‘हम एक अकेडमी (मामी) के तौर पर हैशटैग मी टू अभियान का पुरजोर समर्थन करते हैं।’
इससे पहले मलयाली अभिनेता से राजनेता बने मुकेश पर महिला कास्टिंग डायरेक्टर ने साल 1999 में एक टेलीविजन शो की शूटिंग के दौरान यौन दुर्व्यवहार का आरोप लगाया था। वहीं यौन उत्पीड़न के आरोप के बाद निर्देशक विकास बहल को कबीर खान की फिल्म 83 से हटा दिया गया है।
मीटू के समर्थन में ऐश्वर्या
बॉलीवुड अभिनेत्री ऐश्वर्या राय ने मी टू अभियान का समर्थन किया है। 44 वर्षीय अभिनेत्री ने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि भारत में इस मुद्दे पर महिलाएं अपनी बात रख रही हैं। उन्होंने कहा कि यौन उत्पीड़न का अनुभव साझा करने वाली महिलाओं को अधिक समर्थन और मजबूती दिए जाने की जरूरत है।