कोल्लम पुलिस आयुक्त कार्यालय बुधवार को उस वक्त एक दुर्लभ पल का गवाह बना जब एक आईपीएस अजीता बेगम ने अपने पति एस सतीश बीनो से ही प्रभार ग्रहण किया। इस दौरान अजीता ने कहा कि पति से प्रभार ग्रहण कर बेहद खुश हूं। ऐसा पहली बार है जब मीडिया ने मेरे पदभार ग्रहण पर इतना ध्यान दिया है।
एस सतीश बीनो बीते एक साल से कोल्लम शहर के पुलिस आयुक्त पद पर कार्यरत थे और हाल ही में राज्य सरकार ने उनका तबादला करते हुए उन्हें पतनमतिट्टा का एसपी बना दिया। उनकी जगह उनकी पत्नी अजीता बेगम आईं जिनको सतीश ने प्रभार सौंपा। इससे पहले सतीश और अजीता एर्नाकुलम में एक साथ काम कर चुके हैं। अजीता इससे पहले भी कोल्लम की एसपी (ग्रामीण क्षेत्र) के पद पर काम कर चुकी हैं। पिछले साल जून में जब सतीश ने पुलिस आयुक्त के पद पर काम संभाला था तब अजीता एसपी (ग्रामीण) के पद पर कार्यरत थीं।
पदभार संभालने के बाद अजीता बेगम ने पत्रकारों को बताया कि उनकी पहली प्राथमिकता में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा है। मैं निवर्तमान पुलिस आयुक्त के शुरू किए गए कार्यों को भी आगे बढ़ाऊंगी। वहीं सतीश बीनो भी अजीता बेगम की कार्यकुशलता को लेकर आश्वस्त दिखे। उन्होंने कहा कि अजीता अलग-अलग पदों पर अपनी कार्यकुशलता का परिचय दे चुकी हैं। मुझे उनमें पूरा विश्वास है।
प्रशिक्षण के दौरान दोनों में हुआ था प्रेम
ajeetha satheesh ips couple
- फोटो : social media
अजीता कोयम्बटूर से जबकि सतीश कन्याकेमारी के रहने वाले हैं। अजीता और सतीश हैदराबाद पुलिस अकादमी में प्रशिक्षण के दौरान एक दूसरे के करीब आए थे और दोनों में प्रेम हो गया था। साल 2011 में अजीता और सतीश ने शादी कर ली थी। इसके बाद उन्हें केरल काडर में काम करने का मौका मिला था। 2016 जून में मातृत्व अवकाश पर गईं अजीता हाल ही में ड्यूटी पर लौटीं है। उनका एक बेटा और एक बेटी है।
मजबूत रिश्ते के लिए दोरियों के कोई मायने नहीं
ajeetha satheesh ips couple
- फोटो : social media
अजीता मानती हैं कि मजबूत रिश्तों के लिए दूरियां कोई मायने नहीं रखती हैं। अजीता ने कहा कि पहले पति-पत्नी का एक साथ रह पाना मुश्किल होता था। हम दोनों की अलग-अलग जगहों पर तैनाती की वजह से मेरा बेटा अपने पिता को बहुत याद किया करता था। सतीश अक्सर साप्ताहिक अवकाश पर ही परिवार में आ पाते थे। ऐसा पहली बार हुआ है कि हम दोनों की तैनाती करीब के स्थानों पर मिली है।