बुलंदशहर में हाइवे पर मां-बेटी के साथ गैंगरेप की दिल दहलाने वाली घटना के बाद अब मेरठ शहर में दिनदहाड़े चलती कार में महिला को अगवा कर गैंगरेप की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया जबकि महिला की नाबालिग बेटी किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूट कर भागने में कामयाब हो गई।
आरोपी चार घंटे बाद महिला को कब्रिस्तान के पास फेंककर भाग गए। कचहरी पहुंची महिला ने एक आरोपी को पहचान कर पकड़ लिया और मेरठ कालेज के छात्रों ने उसकी जमकर धुनाई कर पुलिस को सौंप दिया। महिला की बेटी सात घंटे बाद खुद पुलिस चौकी पहुंची और आपबीती बताई। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वारदात शास्त्रीनगर के ब्लॉक चौकी के पास की है। शुक्रवार सुबह 7:30 बजे लोहियानगर की महिला अपनी 13 साल की नाबालिग बेटी के साथ तेजगढ़ी चौराहे पर एक डॉक्टर के पास जा रही थी। शास्त्रीनगर पीवीएस मॉल से चंद कदम दूर के-ब्लाक पुलिस चौकी के पास सफेद रंग की कार रुकी और चार युवकों ने महिला को अगवा कर लिया, जबकि उसकी बेटी किसी तरह आरोपियों के चुंगल से छूटकर भाग गई।
मेघदूत पुलिया के पास स्थित कब्रिस्तान के पास फेंककर फरार हो गए
गैंगरेप
महिला के साथ तीन लोगों ने चलती कार में गैंगरेप किया और 11:30 बजे बेहोशी की हालत में उसे मेघदूत पुलिया के पास स्थित कब्रिस्तान के पास फेंककर फरार हो गए। महिला को होश आया तो वह अपनी बेटी को तलाशने लगी। कार में आरोपी कचहरी आने की बात कर रहे थे, तो महिला अपनी बेटी को तलाश करते कचहरी पहुंच गई।
कचहरी-बेगमपुल नाले मार्ग पर महिला ने एक आरोपी को देख लिया तो उसने आरोपी को पकड़ लिया। दोनों में हाथापाई होते देखकर मेरठ कॉलेज के छात्रों की भीड़ लग गई। महिला ने बताया कि उसके साथ गैंगरेप कर उसकी बेटी को अगवा कर लिया है, जिस पर छात्रों ने आरोपी की धुनाई कर दी। सूचना पर लालकुर्ती पुलिस मौके पर पहुंची और महिला और आरोपी को थाने ले गई।
जेल चुंगी चौकी पहुंची बच्ची
- फोटो : demo
थाने में महिला का रो-रोकर कर चिल्ला रही थी कि आरोपी उसकी बेटी को उठाकर ले गए हैं, उसको बचा लो। बाद में एसओ लालकुर्ती ने पुलिस बल के साथ महिला को घटनास्थल पर भेजा और छानबीन की। इसके बाद महिला को मेडिकल परीक्षण कराने अस्पताल भेजा गया।
बच्ची दोपहर करीब तीन बजे जेल चुंगी से बरामद हुई। उसने जेल चुंगी पुलिस चौकी पर खुद पर आकर सारी वारदात के बारे में बताया कि उसकी मां को कार में अगवा किया तो वह वहां से भाग गई थी। दो लोगों ने उसका पीछा किया था, लेकिन वह बच निकली।
महिला ने चलती कार में गैंगरेप होने और बेटी को अगवा करने की शिकायत की है। प्राथमिक जांच में मामला संदिग्ध लग रहा है। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है।
ओपी यादव, एसपी सिटी