इब्सा के विदेश मंत्रियों की बैठक में जयशंकर
- फोटो : एएनआई
विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने बुधवार को इब्सा (IBSA : भारत ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका) के विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लिया। बैठक में उन्होंने कहा, 'मैं इस बैठक के आयोजन के लिए दक्षिण अफ्रीका के विदेश मंत्री डॉ. नालेदी पैंडोर और ब्राजील के उप मंत्री एंबेसडर फैबियो मारजानो का धन्यवाद अदा करता हूं।'
जयशंकर ने कहा कि बैठक में इब्सा गतिविधियों की समीक्षा की गई। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही खाद्य सुरक्षा, पारंपरिक औषधियों पर वेबिनार, त्रिपक्षीय कृषि सहयोग, महिला मंच, शहरी विकास चर्चा, आईसीटी सहयोग और तीनों देशों के बीच होने वाले अगले नौसेना अभ्यास को लेकर फंड प्रोजेक्ट पर सहमति जताई गई।
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधारों को लेकर मंत्रियों के संयुक्त बयान को पढ़ते हुए जयशंकर ने कहा, 'हम इब्सा के 26 सितंबर 2019 के संयुक्त मंत्रिस्तरीय वक्तव्य को याद करते हुए एक अधिक समावेशी, उत्तरदाई और सहभागितापूर्ण अंतरराष्ट्रीय प्रशासनिक ढांचा तैयार करने के लिए बहुपक्षीय प्रणाली में सुधार की मांग करते हैं।'
चीनी सरकार ने कहा कि उसका संबंध झेन्हुआ कंपनी से नहीं है- विदेश मंत्री जयशंकर
कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल की 'भारतीय नेताओं और अन्य लोगों की चीनी जासूसी से डेटा की सुरक्षा की मांग' के जवाब में विदेश मंत्री जयशंकर ने चीन के जासूसी मामले में कहा कि चीनी सरकार ने कहा कि उसका संबंध झेन्हुआ कंपनी से नहीं है और यह कंपनी प्राइवेट है। जयशंकर ने कहा कि चीनी विदेश मंत्रालय ने कहा कि संबंधित कंपनी और चीनी सरकार के बीच कोई संबंध नहीं था।