फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

MEA: मेहुल चोकसी के प्रत्यर्पण पर बोला विदेश मंत्रालय, बेल्जियम के संपर्क में है भारत; पाकिस्तान PoK खाली करे

Thu, 17 Apr 2025 04:37 PM IST
पवन पांडेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

भारत ने गुरुवार को कहा कि वह भगोड़े हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी के प्रत्यर्पण के लिए बेल्जियम के साथ मिलकर काम कर रहा है। भारत सरकार के औपचारिक अनुरोध के आधार पर शनिवार को चोकसी को बेल्जियम के एंटवर्प में गिरफ्तार किया गया। विदेश मंत्रालय ने अपने साप्ताहिक प्रेसवार्ता में पाकिस्तान, अमेरिका, चीन, रूस, बांग्लादेश से जुड़े कई सवालों के जवाब दिए हैं। पढ़ें...
विज्ञापन
रणधीर जायसवाल, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भगोड़े मेहुल चोकसी की गिरफ्तारी पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, 'हमारे प्रत्यर्पण अनुरोध के आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया। हम उसके प्रत्यर्पण पर बेल्जियम पक्ष के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।' बता दें कि, 13,500 करोड़ रुपये के बैंक ऋण धोखाधड़ी मामले में भारतीय जांच एजेंसियों को मेहुल चोकसी की तलाश है।
विज्ञापन

पीओके पर अवैध कब्जा, जल्द खाली करे पाकिस्तान- MEA
पाकिस्तान की सेना प्रमुख के बयान पर भारत ने दो टूक कहा कि पाकिस्तान कब्जे वाला कश्मीर (पीओके) भारत का अभिन्न अंग है। इस पर पाकिस्तान का अवैध कब्जा है और उसे जल्द पीओके खाली करना पड़ेगा। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने पाकिस्तानी सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर के कश्मीर और दो राष्ट्र सिद्धांत संबंधी बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कोई विदेशी चीज किसी के ’गले की नस’ कैसे हो सकती है? पीओके भारत का केंद्रशासित प्रदेश है। पाकिस्तान के साथ इसका एकमात्र रिश्ता यही है कि उसका इस पर अवैध कब्जा है और वह इसे जल्द से जल्द खाली करे।

'वैश्विक आतंकवाद के केंद्र के रूप में पाकिस्तान की पहचान'
इस दौरान 26/11 मुंबई हमलों के आरोपी तहव्वुर राणा के भारत प्रत्यर्पण पर पूछे गए सवाल पर विदेश मंत्रालय ने कहा, 'पाकिस्तान लाख कोशिश कर ले, लेकिन वैश्विक आतंकवाद के केंद्र के रूप में उसकी प्रतिष्ठा कम नहीं होगी। राणा का प्रत्यर्पण पाकिस्तान को याद दिलाता है कि उसे मुंबई हमलों के अन्य अपराधियों को भी न्याय के कटघरे में लाना होगा, जिन्हें वह अभी भी बचा रहा है'। 
विज्ञापन

 
जेडी वेंस की भारत यात्रा, द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर चर्चा
वहीं अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की भारत यात्रा पर रणधीर जायसवाल ने कहा, 'अपनी यात्रा के दौरान वे प्रधानमंत्री से मिलेंगे और भारत और अमेरिका के बीच सभी द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे।' अमेरिकी टैरिफ पर उन्होंने कहा, 'हम अमेरिकी पक्ष से बातचीत कर रहे हैं ताकि द्विपक्षीय व्यापार समझौता किया जा सके'।
क्या रूस के दौरे पर जाएंगे पीएम मोदी?
इस दौरान विदेश मंत्रालय ने पीएम मोदी को रूस से मिल निमंत्रण पर कहा, 'प्रधानमंत्री को रूसी राष्ट्रपति से निमंत्रण मिला है और जैसा कि मैंने आपको बताया, विजय दिवस समारोह में हमारी भागीदारी की घोषणा की जाएगी।'
यह भी पढ़ें - National Herald Case: सोनिया-राहुल के बचाव में कांग्रेस की बड़ी तैयारी, खरगे की अध्यक्षता में अहम बैठक आज

कैलाश मानसरोवर यात्रा और चीन से सीधी हवाई सेवा
इस दौरान कैलाश मानसरोवर यात्रा पर विदेश मंत्रालय ने कहा, 'हम जल्द ही कैलाश मानसरोवर यात्रा पर जनता के लिए एक नोटिस जारी करेंगे। यात्रा जल्द ही फिर से शुरू होने की संभावना है।' वहीं भारत और चीन के बीच सीधी हवाई सेवाओं पर रणधीर जायसवाल ने कहा, 'सैद्धांतिक रूप से, दोनों देश इस बात पर सहमत हो गए हैं कि उड़ान संचालन फिर से शुरू होगा। दोनों पक्षों की तकनीकी टीमें उड़ान सेवाओं को फिर से शुरू करने के लिए तकनीकी व्यवस्थाओं पर विचार कर रही हैं। दोनों नागरिक उड्डयन प्राधिकरणों की बैठक हुई है और वे अद्यतन रूपरेखा सहित प्रासंगिक तौर-तरीकों पर चर्चा कर रहे हैं।' 
यह भी पढ़ें - SC: 'ऐसी कल्पना नहीं की थी, जहां जज कानून बनाएंगे', सुप्रीम कोर्ट के हालिया आदेश पर बोले उपराष्ट्रपति धनखड़

वक्फ विधेयक भारत का आंतरिक मामला- MEA
वक्फ संशोधन अधिनियम पर विदेश मंत्रालय ने कहा, 'वक्फ विधेयक के सभी तत्व भारत का आंतरिक मामला हैं। और आप जानते हैं कि वक्फ संशोधन विधेयक में कई समावेशी नीतियों का प्रस्ताव है, ताकि संशोधन विधेयक को अधिक समावेशी, अधिक प्रगतिशील बनाया जा सके और लक्षित लाभार्थियों को अधिक लाभ मिल सके'।
 
'अमेरिका में उच्चायोग वीजा संबंधी समस्याओं क सामना कर रहे छात्रों के संपर्क में हैं'
विदेश मंत्रालय ने कहा कि अमेरिका में भारतीय मिशन वीजा संबंधी समस्याओं का सामना कर रहे भारतीय छात्रों के संपर्क में हैं और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं। एमईए के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, हमें पता है कि कई भारतीय छात्रों को उनके छात्र वीजा (एफ-1) की स्थिति के बारे में अमेरिकी सरकार से जानकारी मिली है। उन्होंने कहा, हम मामले की जांच कर रहे हैं। हमारे दूतावास और वाणिज्य दूतावास छात्रों को सहायता प्रदान करने के लिए उनके संपर्क में हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ट्रंप प्रशासन की तरफ से कई भारतीय छात्रों को उनके वीजा निरस्तीकरण की संभावना के बारे में पूछे गए सवाल का जवाब दे रहे थे।

क्वाड का भविष्य उज्ज्वल है- विदेश मंत्रालय
विदेश मंत्रालय ने अपने साप्ताहिक प्रेस वार्ता के दौरान कहा, 'क्वाड का भविष्य उज्ज्वल है और क्वाड शिखर सम्मेलन की तारीखों की घोषणा जल्द ही की जाएगी। इस दौरान अमेरिका-ईरान वार्ता पर विदेश मंत्रालय ने कहा, 'हम अमेरिका-ईरान वार्ता को सकारात्मक विकास के रूप में देखते हैं। हम हमेशा ऐसे मुद्दों पर बातचीत और कूटनीति के पक्ष में रहे हैं'। 'बांग्लादेश के साथ सकारात्मक संबंध की उम्मीद'
इस दौरान भारत और बांग्लादेश संबंधों पर रणधीर जायसवाल ने कहा कि, 'भारत बांग्लादेश के साथ सकारात्मक और रचनात्मक संबंध बनाने की उम्मीद करता है। हम एक लोकतांत्रिक, समावेशी बांग्लादेश के पक्ष में हैं। जहां तक व्यापार मुद्दों का सवाल है, पिछले हफ्ते हमने ट्रांसशिपमेंट सुविधा के बारे में घोषणा की थी।'


विज्ञापन

बांग्लादेश के कुछ कदमों के कारण भारत ने वापस ली ट्रांसशिपमेंट सुविधा: विदेश मंत्रालय 
बांग्लादेश की ओर से तीसरे देशों को निर्यात के लिए दी जाने वाली ट्रांसशिपमेंट सुविधा को वापस लेने का निर्णय ढाका के कुछ कदमों के जवाब में लिया गया है। इसके चलते द्विपक्षीय व्यापार प्रभावित हुआ है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बृहस्पतिवार को कहा कि बांग्लादेश की अंतरिम सरकार की ओर से भारतीय सूत के आयात पर रोक और तीन बंदरगाहों को बंद करने के फैसले ने भारत को इस कदम के लिए मजबूर किया।

जायसवाल ने कहा, हम एक लोकतांत्रिक, समावेशी और समृद्ध बांग्लादेश के पक्षधर हैं। ट्रांसशिपमेंट सुविधा को लेकर पिछले सप्ताह हमने घोषणा की थी। यह कदम हमारे बंदरगाहों और हवाई अड्डों पर भीड़ के कारण उठाया गया, लेकिन मैं आपको बांग्लादेश की ओर से हुए घटनाक्रमों पर भी ध्यान देने की सलाह दूंगा। गौरतलब है कि पिछले सप्ताह भारत ने बांग्लादेश को मध्य पूर्व, यूरोप और अन्य देशों के लिए अपने बंदरगाहों और हवाई अड्डों के माध्यम से दी जाने वाली ट्रांसशिपमेंट सुविधा वापस लेने की घोषणा की थी। भारत ने नेपाल और भूटान को बांग्लादेशी निर्यात को छूट दी है, क्योंकि विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) के प्रावधानों के तहत भू-आबद्ध देशों के लिए व्यापार सुविधा अनिवार्य है। भारत और बांग्लादेश ने 2020 में व्यापार संबंधों को बढ़ावा देने के लिए ट्रांसशिपमेंट व्यवस्था शुरू की थी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें