भारत-अमेरिका आतंकवाद रोधी बैठक
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि भारत-अमेरिका काउंटर-टेररिज्म वर्किंग ग्रुप की 21वीं बैठक 3 दिसंबर को हुई, जिसमें कई अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। दोनों देशों ने आतंकवाद विरोधी सहयोग को अत्यधिक महत्व देते हुए पनकट्टी-पहलगाम हमले और दिल्ली हमले की कड़ी निंदा की। दोनों पक्षों ने क्वाड ढांचे और FATF के माध्यम से मल्टी-लेवल कोऑपरेशन बढ़ाने का संकल्प दोहराया। यह सहयोग भारत-अमेरिका की व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी का अहम हिस्सा बताया गया।
जायसवाल ने आगे कहा कि भारत, ब्रिटेन सरकार द्वारा भारत-विरोधी चरमपंथी संगठनों पर की गई कार्रवाई का स्वागत करता है। उन्होंने कहा कि ऐसी संस्थाएं सिर्फ भारत या ब्रिटेन नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए खतरा हैं। उन्होंने बताया कि भारत और ब्रिटेन आतंकवाद, उग्रवाद और अवैध वित्तीय नेटवर्क के खिलाफ सहयोग को और मजबूत करने के लिए मिलकर काम करेंगे।
ये भी पढ़ें- 'प्रधानमंत्री इतिहास को फिर से लिखने की कोशिश कर रहे', पीएम मोदी के संबोधन पर कांग्रेस का तंज
अमेरिकी डिप्टी ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव की भारत यात्रा 10-11 दिसंबर को
प्रवक्ता रंधीर जायसवाल ने घोषणा की कि अमेरिका के नए डिप्टी ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव रिक स्विट्जर 10 और 11 दिसंबर को भारत आएंगे। यह उनकी परिचयात्मक यात्रा होगी, जिसमें वे भारत सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। प्रवक्ता ने कहा कि दोनों देश एक निष्पक्ष, संतुलित और बहु-क्षेत्रीय व्यापार समझौते को आगे बढ़ाने के लिए लगातार बातचीत कर रहे हैं।