फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

MEA: यूएस में भारतीय की मौत से कनाडा में खालिस्तानी धमकी तक..., विदेश मंत्रालय ने कई मुद्दों पर दी प्रतिक्रिया

Fri, 19 Sep 2025 05:26 PM IST
हिमांशु चंदेल न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

विदेश मंत्रालय ने जापाड 2025 सैन्य अभ्यास, कनाडा में भारतीय दूतावासों को मिली खालिस्तानी धमकियों और अमेरिका में भारतीय तकनीकी विशेषज्ञ की मौत पर प्रतिक्रिया दी। प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि कनाडा सरकार की जिम्मेदारी है कि भारतीय मिशनों की सुरक्षा सुनिश्चित करे। वहीं, अमेरिका में गोलीकांड के मामले में भारत स्थानीय प्रशासन और परिवार के संपर्क में है।
विज्ञापन
रणधीर जायसवाल - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

विदेश मंत्रालय (एमईए) ने गुरुवार को कई अहम मुद्दों पर अपनी आधिकारिक प्रतिक्रिया दी। प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कैलिफोर्निया में अमेरिकी पुलिस की गोलीबारी में मारे गए भारतीय तकनीकी विशेषज्ञ की घटना पर कहा कि भारत स्थानीय अधिकारियों और मृतक के परिवार के संपर्क में है और पूरी स्थिति पर नजर रख रहा है।

विज्ञापन


साथ ही जायसवाल ने कहा कि विदेश मंत्रालय हर मुद्दे पर तुरंत और गंभीरता से कार्रवाई करता है। चाहे वह अंतरराष्ट्रीय सैन्य अभ्यास हो, भारतीय मिशनों की सुरक्षा हो या विदेश में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा, सरकार पूरी जिम्मेदारी से कदम उठाती है। इन बयानों के जरिए भारत ने यह संदेश दिया है कि वह न केवल वैश्विक सुरक्षा सहयोग में सक्रिय है, बल्कि अपने नागरिकों और संस्थानों की सुरक्षा को लेकर भी कोई समझौता नहीं करेगा।

ये भी पढ़ें- सैम पित्रोदा के बयान पर रार, भाजपा बोली- 26/11 हमले पर भारी पड़ा कांग्रेस का पाकिस्तान प्रेम
विज्ञापन


जापाड 2025 सैन्य अभ्यास पर बोले जायसवाल
प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने रूस में हो रहे ‘जापाड 2025’ सैन्य अभ्यास पर कहा कि इसमें भारत समेत कई देश शामिल हो रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इसमें नाटो सदस्य जैसे अमेरिका, तुर्की और हंगरी भी पर्यवेक्षक के तौर पर भाग ले रहे हैं। भारत की भागीदारी भी इसमें एक सामान्य रक्षा सहयोग का हिस्सा ही है।

कनाडा में खालिस्तानी धमकियों पर प्रतिक्रिया
विदेश मंत्रालय ने कनाडा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावासों को मिली खालिस्तानी धमकियों पर कहा कि सुरक्षा सुनिश्चित करना मेजबान देश की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मुद्दे को कनाडा सरकार के साथ उठाया गया है। हाल ही में भारत और कनाडा के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों के बीच सुरक्षा पर द्विपक्षीय बातचीत भी हुई है।

ये भी पढ़ें- समाजसेवी राम कंकोणकर की हत्या पर राजनीति गरमाई, विपक्षी दलों ने मुख्यमंत्री आवास तक निकाला मार्च

जायसवाल ने कहा कि जब भी सुरक्षा से जुड़ा कोई मुद्दा आता है, भारत तुरंत उस पर संबंधित देश से संपर्क करता है। भारत ने दोहराया कि कनाडा सरकार को वहां मौजूद भारतीय मिशनों और समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करनी होगी।

नेपाल पर विदेश मंत्रालय का बयान
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत नेपाल में सुशीला कार्की के नेतृत्व में बनी अंतरिम सरकार का स्वागत करता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रधानमंत्री कार्की के बीच गर्मजोशी से बातचीत हुई जिसमें शांति और स्थिरता बहाल करने के प्रयासों पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि भारत, पड़ोसी और लोकतांत्रिक साझेदार होने के नाते, नेपाल के साथ करीबी सहयोग जारी रखेगा। भारत नेपाल की समृद्धि और दोनों देशों की जनता के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।

चाबहार पोर्ट पर अमेरिकी बयान
विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत ने अमेरिकी बयान देखा है जिसमें चाबहार पोर्ट पर लगाए गए प्रतिबंधों से छूट हटाने की बात कही गई है। उन्होंने कहा कि भारत वर्तमान में इस निर्णय के प्रभावों की समीक्षा कर रहा है। यह पोर्ट भारत की सामरिक और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी योजनाओं का अहम हिस्सा है।

विदेश मंत्रालय ने भारतीय नागरिकों को ईरान में नौकरी के प्रस्ताव के झांसे में न आने की सलाह दी
विदेश मंत्रालय ने भारतीय नागरिकों को ईरान में नौकरी के वायदे या प्रस्ताव के झांसे में न आने की सलाह दी है। हाल में, ऐसे कई मामले हुए हैं, जिनमें भारतीय नागरिकों को ईरान में रोज़गार देने या किसी अन्य देश में रोज़गार के लिए भेजे जाने का प्रलोभन दिया गया। ईरान पहुँचने पर, इन भारतीय नागरिकों का आपराधिक गिरोहों ने अपहरण कर लिया तथा उनकी रिहाई के लिए परिवार से फिरौती की मांग की।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि ईरान सरकार भारतीयों को केवल पर्यटन के लिए बिना वीज़ा के प्रवेश की अनुमति देती है और नौकरी या किसी और उद्देश्य के लिए ईरान में वीज़ा-मुक्त प्रवेश का वादा करने वाले एजेंट आपराधिक गिरोहों से जुड़े हो सकते हैं।
विज्ञापन

 
सऊदी अरब-पाकिस्तान समझौते पर
विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत और सऊदी अरब के बीच व्यापक सामरिक साझेदारी है, जो पिछले कुछ वर्षों में काफी मजबूत हुई है। भारत को उम्मीद है कि यह साझेदारी दोनों देशों के आपसी हितों और संवेदनशीलताओं का ध्यान रखेगी। भारत और सऊदी अरब ऊर्जा, निवेश, व्यापार और सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में गहरे सहयोगी हैं। जायसवाल ने कहा कि भारत इस रणनीतिक संबंध को और सुदृढ़ करने के लिए निरंतर काम करता रहेगा।

आतंकवादी संगठनों के वीडियो पर कही ये बात
जायसवाल ने पाकिस्तान से आए जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा के हालिया वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि आतंकवाद पर भारत का रुख स्पष्ट है। पूरी दुनिया जानती है कि पाकिस्तान सरकार और उसकी सेना का आतंकवादी संगठनों के साथ गहरा रिश्ता है। उन्होंने कहा कि भारत बार-बार यह बात अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उठाता रहा है और आगे भी उठाता रहेगा। जायसवाल ने दोहराया कि भारत आतंकवाद के खिलाफ जीरो-टॉलरेंस नीति अपनाए हुए है।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें