एनआरएचएम घोटाले में फंसे पूर्व मंत्री बाबूसिंह कुशवाहा ने पूर्व मुख्यमंत्री मायावती पर साजिशन एनआरएचएम घोटाले में फंसाने का आरोप लगाया है। वे जन संपर्क यात्रा के अमरोहा पहुंचने पर एक बैंक्वेट हाल आयोजित सभा में बोले रहे थे।
पूर्व मंत्री बाबू सिंह कुशवाहा ने बसपा प्रमुख मायावती को कटघरे में खड़ा करते कहा कि गृह और जेल विभाग मायावती के पास था, लेकिन सीएमओ की हत्या के मामले में नैतिक जिम्मेदारी बताते हुए मुझसे इस्तीफा ले लिया गया। फिर साजिश के तहत जेल भेज दिया गया। उन्होंने कहा कि बसपा में 32 साल काम किया है, लेकिन अब पार्टी रास्ते से भटक गई है। लखनऊ में दो सीएमओ की हत्याएं करा दी गईं। एक सीएमओ की हत्या जेल में हुई, जिसके लिए सीधे तौर पर गृह मंत्री और कारागार मंत्री जिम्मेदार थे और दोनों ही पद मुख्यमंत्री मायावती के पास थे।
मृतक सीएमओ के परिजन सीबीआई जांच के लिए इलाहाबाद हाईकोर्ट पहुंचे। हमें चुप रहने को कहा गया, जिसके बाद एनआरएचएम घोटला उछाला गया। ताकि हत्याओं के केस से ध्यान हटाया जाए और सीएमओ के हत्यारे न पकड़े जा सकें। कहा कि गरीब, दलित, शोषित और अति पिछड़ों को इंसाफ दिलाने के लिए संघर्ष किया जाएगा।