उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक ने कहा कि मथुरा और वृंदावन की पहचान देश विदेश में मंदिरों के लिए है। लेकिन पिछले दिनों हुई घटना ने मथुरा को बदनाम कर दिया है। हालांकि कहा जाता है कि यह सारी भूमि गोपाल की है लेकिन ढाई साल तक गोपाल की भूमि पर अवैध कब्जा रहा। इस अतिक्रमण को हटवाने के लिए हुआ नरसंहार बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
वृंदावन के राधा निवास स्थित वरदराज कुंज बड़ा खटला में आयोजित महासंप्रोक्षण महोत्सव में संत सम्मेलन को संबोधित करते हुए राज्यपाल राम नाईक ने कहा कि सरकारी जमीन पर कब्जा क्यों और कैसे हुआ इस बारे में मैं ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहता लेकिन इस जमीन को खाली कराने के लिए जो इतने लोग मरे वह वाकई दुर्भाग्यपूर्ण है।
अगर पहले कोशिश की गई होती तो शायद आज यह हालात न होते। किसकी गलती थी और क्या सजा मिलेगी यह तो जांच के बाद ही पता चलेगा मगर सरकारों को चाहिए कि वह सरकारी संपत्तियों को सहेजने के लिए ठोस प्लान बनाए।