आरक्षण की मांग पर बीते मंगलवार को जमकर हिंसा के बाद मराठा संगठनों ने महाराष्ट्र बंद वापस ले लिया था। बंद के दौरान एक पुलिस कर्मी को मराठा भीड़ द्वार पिटाई की एक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुकी है। इस फोटो में एक पुलिसकर्मी की पीठ पर जूते से मारपीट के निशान साफ देखे जा सकते हैं।
खुद पर हुए हमले का फोटो साझा करते हुए पुलिसकर्मी नाईक सतीश मदहोक ने बताया कि 'ये फोटो 24 जुलाई को महाराष्ट्र बंद के दौरान खींची गई थी। इसमें आप मुझपर भीड़ द्वार किए गए हमले को साफ तौर पर देख सकते हैं। मेरे कंधे पर भी चोट के निशान हैं। लेकिन मैं बिना किसी संकोच के आप सभी लोगों (भीड़) को धन्यवाद देना चाहता हूं कि आपने मुझे इतने बेहतरीन अवॉर्ड से नवाजा।'
पुलिसकर्मी के मुताबिक, नांदेड हिंगोली राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच 161 पर दोपरह करीब चार बजे उनपर हमला हुआ। इस दौरान 40-50 लोगों की भीड़ ने उनपर हमला किया। उनके साथ सहायक पुलिस निरीक्षक तानाजी चेर्ले भी मौजूद थे।
इस वायरल पोस्ट की विश्वसनीयता पर कई तरह के सवाल उठ रहे थे। लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह वायरल पोस्ट फेक नहीं है और इसे खुद पुलिसकर्मी ने साझा किया था। और इनकी तैनाती बालपुर गांव के पास डोंगकाडा चौकी पर की गई थी।
डोंगकाडा के अन्य पुलिसकर्मियों और खुद तानाजी चेर्ले ने इस पोस्ट का सबूत भी साझा किया है। बता दें कि पुलिसकर्मी पर हमले के बाद आरोपियों की तालाश की जा रही है।