सुशांत सिंह राजपूत मामले की ड्रग एंगल से जांच कर रही केंद्रीय जांच एजेंसी, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के हाथ अब बॉलीवुड की टॉप स्टार अभिनेत्रियों तक पहुंचने लगे हैं। रिया चक्रवर्ती से हुई पूछताछ ने एनसीबी को ड्रग्स सिंडिकेट तक पहुंचने का एक जरिया दे दिया है। इतना ही नहीं, बॉलीवुड में कौन ड्रग्स ले रहा है और किसके यहां पर वह कैसे पहुंच रही है, पैसे लेन-देन का तरीका क्या होता है, बिचौलिये की भूमिका व ड्रग्स का डिमांड नोट, ये सारे सबूत एनसीबी एकत्रित कर रही है।
सूत्रों के अनुसार, टीवी एक्टर सनम-अबिगेल से मिली जानकारी के बाद एनसीबी ने मुंबई में कई जगहों पर छापेमारी की है। मुंबई के तीन ड्रग पैडलर, जिनसे एनसीबी पूछताछ कर चुकी है, उन्होंने कई अहम जानकारियां एजेंसी को मुहैया कराई थीं। सुशांत और रिया की पूर्व मैनेजर श्रुति मोदी का नाम भी उक्त आरोपियों ने ही एजेंसी को बताया था। मैनेजर करिश्मा प्रकाश की चैट दीपिका की गिरफ्तारी का सबब बन सकती है। एनसीबी को वह चैट मिल चुकी है, जिसमें वह ड्रग्स का इंतजाम कराने की बात भी कह रही थी।
आरोपियों को लेकर जांच एजेंसी ड्रग्स के पेमेंट तरीके का भी पता लगा रही हैं। चूंकि जांच एजेंसी को कोर्ट में यह बताना होगा कि फलां डेट पर इस माध्यम से ड्रग्स की एवज में पेमेंट की गई थी। बाद में कोई भी आरोपी अपने बयानों से न मुकरे, इसके लिए जांच एजेंसी कई आरोपियों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ कर रही है। अगले सप्ताह तक जिन नए लोगों के नाम इस केस में आएंगे, वे ड्रग्स पैडलर का नंबर देने और दूसरे तरीके से अपने परिचित तक ड्रग्स पहुंचाने में मदद करने की बात करते हुए नजर आएंगे।