राजस्थान के इलाकों में बारिश की कहर की वजह से कई लोगों की मौत हो गई है। राजस्थान के धौलपुर में 7 और भरतपुर में 5 लोगों की जिंदगी खत्म हो गई है। बताया जा रहा है कि बारिश के कारण आगरा-धौलपुर ट्रेन रूट भी प्रभावित हुआ है।
राजस्थान के कोटा, अलवर, उदयपुर और दौसा समेत कई जगहों पर आंधी ने काफी देर तक लोगों को परेशान किया और इसके बाद कई घंटों तक यहां बारिश भी हुई। अलग-अलग जगहों पर आंधी से मकान और बिजली गिरने के कारण लोगों की मौत हुई है।
धौलपुर में मरने वालों में बच्चे अधिक
बताया जा रहा है कि भरतपुर में मरने वाले 7 लोगों में 5 बच्चे शामिल हैं। वहीं 50 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। कई जगहों पर तो पेड़ गिरने के चलते घंटों जाम रहा। बता दें कि बारिश का असर दिल्ली-एनसीआर में भी पिछले दो-तीन दिनों से दिख रहा है।
वहीं उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भी बारिश फिर आफत बनकर आई। बताया जा रहा है कि कई जगहों पर घरों की छत और दीवारें गिर गईं। मथुरा के एक गांव में बुधवार शाम आंधी के साथ बारिश के दौरान मकान की छत गिरने से तीन बच्चों की मौत हो गई। इनमें दो सगे भाई बहन और एक चचेरा भाई है। इसी गांव में पानी से भरी टंकी गिर जाने से एक महिला की मौत हो गई।
आगरा में डौकी के सुल्तानपुरा में दीवार गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। एत्मादपुर की समोगर ग्राम पंचायत में दीवार गिरने से 70 वर्षीय ठाकुर दास की मौत हो गई।