कर्नाटक चुनाव 2023 के लिए भाजपा नेता और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया को चुनाव सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। इस बीच भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और कर्नाटक के पूर्व सीएम बीएस येदियुरप्पा ने विधानसभा चुनाव के 10-12 अप्रैल से पहले होने की संभावना जताई। उन्होंने दावा किया कि राज्य और केंद्र सरकार के कार्यों की बदौलत इस चुनाव में भाजपा अपने बूते कर्नाटक की सत्ता में वापसी करेगी। भाजपा में भ्रम की कोई स्थिति नहीं है। पार्टी एकजुट है।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को घर-घर पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं, युवाओं और अनुसूचित जाति (एससी)-अनुसूचित जनजाति (एसटी) समुदाय का समर्थन हासिल करने को कहा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वे दिन चले गए, जिसमें सत्ता पाने के लिए धन, बाहुबल और सांप्रदायिक राजनीति का सहारा लिया जाता था।
येदियुरप्पा ने कहा कि विधानसभा चुनाव 10-12 अप्रैल से पहले होने की उम्मीद है। कोई भी भाजपा को स्पष्ट बहुमत की सरकार बनाने से नहीं रोक सकता और पार्टी विधानसभा चुनाव में 130 से 140 सीटों पर जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कांग्रेस नेता सिद्धरमैया और डीके शिवकुमार के जनता के बीच जाने और स्वयं को अगला मुख्यमंत्री बताने के दावे पर भी निशाना साधा।
येदियुरप्पा ने कहा कि मैं कांग्रेस नेताओं से पूछना चाहता हूं कि क्या राहुल गांधी आपके नेता हैं? भाजपा के पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसे मजबूत नेता हैं, जिन्हें वैश्विक स्तर पर प्रेम किया जाता है और सम्मान दिया जाता है। उन्होंने कहा कि मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में कोई आशंका नहीं है कि भाजपा कर्नाटक सहित आगामी सभी विधानसभा चुनावों में जीत दर्ज करेगी।
भाजपा के शीर्ष संसदीय बोर्ड के सदस्य पूर्व मुख्यमंत्री येदियुरप्पा ने यहां पार्टी की राज्य कार्यकारी की विशेष बैठक को संबोधित करते हुए यह बात कही। इस बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव व कर्नाटक प्रभारी अरुण सिंह, कर्नाटक प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नलिन कुमार कटील, केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी, पूर्व मुख्यमंत्री सदानंद गौड़ा और जगदीश शेट्टार भी मौजूद थे।