पूर्व रक्षा मंत्री और गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर परिकर ने कहा है कि मीडिया के अपमानजनक सवाल की वजह से पाकिस्तान के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक की गई। उन्होंने कहा कि मीडिया ने ही पाकिस्तान के खिलाफ बड़ी कार्रवाई के लिए जमीन तैयार करवाई।
पणजी में उद्योगपतियों को संबोधित करते हुए पर्रिकर ने कहा केंद्रीय मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ से एक टीवी एंकर ने आपत्तिजनक सवाल पूछे थे। एंकर के सवाल के बाद ही पीओके में आतंकियों के ठिकानों पर कार्रवाई के लिए रणनीति तैयार की गई।उन्होंने बताया, 'पीओके में आतंकियों के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक की योजना 15 महीने पहले बनी थी।'
पर्रिकर ने कहा कि रक्षा मंत्री के तौर पर मुझे ये बेहद अपमानजनक लगा। 200 लोगों के छोटे से आतंकी संगठन ने 18 डोगरा सैनिकों को निशाना बनाया। यह भारतीय सेना का अपमान था।पूर्व रक्षा मंत्री ने ये भी बताया कि किस तरह से सर्जिकल स्ट्राइक की रणनीति बनाई गई। उन्होंने कहा कि हम दोपहर में बैठे। हमने शाम को भी मीटिंग की और पहले सर्जिकल स्ट्राइक की योजना बनाई, जिसे 8 जून की सुबह अंजाम दिया गया। इस हमले में 70 से 80 आतंकी मारे गए।'
पर्रिकर ने कहा कि केन्द्रीय मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ से एक टीवी एंकर ने पूछा था कि क्या आपमें देश के पश्चिमी मोर्चे पर भी ऐसा करने का साहस एवं क्षमता है। पूर्व रक्षा मंत्री ने कहा कि उन्होंने तब ध्यान से सवाल सुना लेकिन इसका जवाब सही समय पर देने का फैसला किया।