फिल्म अभिनेता आमिर खान को सबक सिखाए जाने संबंधी रक्षा मंत्री मनोहर परिकर के बयान पर सियासत गरमा गई है। वहीं, खुद परिकर ने नरम रुख अपनाते हुए रविवार को कहा कि उन्होंने किसी व्यक्ति विशेष का नाम नहीं लिया था।
हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि वह अभिव्यक्ति की आजादी के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन देश को सर्वोपरि मानते हैं। परिकर के शनिवार के बयान के खिलाफ कांग्रेस ने रक्षा मंत्री और सरकार के खिलाफ सियासी मोर्चा खोल दिया है।
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने परिकर पर पलटवार करते हुए कहा कि संघ और परिकर जैसे लोग सबको सबक सिखाना चाहते हैं। नफरत फैलाने वाले लोग कायर होते हैं और इनकी कभी जीत नहीं होती। कांग्रेस के एक अन्य वरिष्ठ नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भी परिकर पर सियासी हमला बोला।
उन्होंने ट्वीट के जरिये पूछा कि रक्षा मंत्री का काम बाहरी हमलों से देश की रक्षा करना है या आमिर जैसे लोगों को धमकी देना है। कांग्रेस ने परिकर के बयान पर सोमवार को संसद के दोनों सदनों में जोरशोर से उठाने का भी संदेश दिया है।
राहुल गांधी के कार्यालय के द्वारा इस संबंध में ट्वीट में कहा गया आरएसएस और परिकरजी सबको सबक सिखाना चाहते हैं। एक सबक आपके लिए भी है। कायर लोग ही नफरत फैलाते हैं और इनकी कभी जीत नहीं होती। सुरजेवाला ने ट्वीट के जरिये मोदी सरकार को राजधर्म की नसीहत देते हुए दलितों और अल्पसंख्यकों के खिलाफ साजिश का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि परिकर का बयान इसी साजिश का पर्दाफाश करता है।