डिग्री वापसी की बात अफवाह : रजिस्ट्रार
एएमयू के रजिस्ट्रार अब्दुल हामिद ने कश्मीरी छात्रों के डिग्री वापसी को अफवाह बताया है। कश्मीरी छात्रों से एएमयू प्रशासन बात कर रहा है। जिन दो छात्रों को निलंबित किया गया है, वह प्रथमदृष्टया में दोषी पाए गए हैं। किसी भी निर्दोष छात्र के विरुद्ध कार्रवाई नहीं की जाएगी।
जाने की जरूरत नहीं : प्रॉक्टर
एएमयू के प्रॉक्टर प्रो. मोहसिन खान ने कहा कि करीब 950 कश्मीरी छात्रों को जाने की जरूरत नहीं है। हम उन्हें समझा रहे हैं। हमने छात्रों को कारण बताओ नोटिस दिया है, ताकि वह अपना पक्ष जांच कमेटी के सामने रख सकें। कश्मीरी छात्रों ने उन्हें ज्ञापन दिया था, जिसमें जाने की बात कही थी। उनसे कहा कि वापस जाने की जरूरत नहीं है। निष्पक्ष जांच हो रही है।
नोटिस मामले में तीन छात्रों के नाम हटे
हिजबुल कमांडर मन्नान वानी की नमाज-ए-जनाजा से कश्मीरी छात्रों को रोकने के दौरान प्रॉक्टर टीम से धक्का-मुक्की करने और देश विरोधी नारे लगाने पर एएमयू ने 7 अन्य छात्रों को नोटिस दिया था। सोमवार को प्रॉक्टोरियल टीम की जांच-पड़ताल के बाद तीन छात्रों के नाम नोटिस से अलग कर दिया है। अब नोटिस के मामले में चार छात्र रह गए हैं। एएमयू ने पीरजादा दानिश साबिर (बीएससी), अयाज अहमद भट्ट (एमएससी), मो. सुल्तान खान (एमफिल), रकीब सुल्तान (बीएससी), समीउल्ला रैदर (बीएससी), शौकत अहमद लोन व पीरजादा मुहीब उल हक (बीए) को नोटिस दिया था।