झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी को लेकर केंद्र की भाजपा नीत सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित राज्य सरकारों को दबाने का एक और प्रयास बताया। सीएम सोरेन ने कहा कि रविवार को दिल्ली में सिसोदिया की गिरफ्तारी निराशाजनक है।
उन्होंने एक ट्वीट में कहा कि लोकतांत्रिक रूप से चुनी गई राज्य सरकारों पर हमला करने और उनकी आवाज को दबाने का यह एक और प्रयास है, जो विशेष रूप से हाशिए के लोगों और उनके मुद्दों के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने केंद्र पर गैर-भाजपा शासित राज्यों में सरकारों को अस्थिर करने के लिए सभी केंद्रीय बलों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। सोरेन ने केंद्र पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि पूरा देश देख रहा है कि क्या हो रहा है। लोग समझते हैं। जो कुछ हो रहा है वह लोकतंत्र के लिए अच्छा नहीं है।
केरल के मुख्यमंत्री ने लोकतंत्र पर हमला बताया
केरल के मुख्यमंत्री पिनरई विजयन ने भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्षी पार्टियों को डराने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल किया जा रहा है। यह लोकतंत्र पर हमला है। विजयन ने कहा कि केंद्र देश में विपक्ष शासित राज्य सरकारों को अस्थिर करने का प्रयास कर रहा है। इसके जरिए बेरोजगारी और आर्थिक संकट के मुद्दों से ध्यान हटाने की कोशिश की जा रही है।
BRS ने भी साधा निशाना
BRS पार्टी ने ट्वीट कर कहा कि हम CBI द्वारा दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी की निंदा करते हैं। यह अदानी-मोदी गठजोड़ से लोगों का ध्यान हटाने के अलावा और कुछ नहीं है।