मणिपुर में बीजेपी की सरकार बनना तय लग रहा है। राज्यपाल नजमा हेपतुल्ला ने सरकार गठन के लिए नोंगथोमबम बिरेन सिंह को आमंत्रित किया है। केंद्रीय मंत्री और मणिपुर के लिए पर्यवेक्षक तय किए गए प्रकाश जावड़ेकर ने इस बात की जानकारी दी।
राज्यपाल नजमा हेपतुल्ला से मुलाकात करने के लिए बिरेन सिंह के साथ प्रकाश जावड़ेकर और पीयूष गोयल भी गए थे। जावड़ेकर के साथ गोयल को भी बीजेपी ने मणिपुर का प्रभारी नियुक्त किया था। इस दौरान उनके साथ बीजेपी के विधायक और पार्टी का समर्थन करने वाले अन्य पार्टियों के विधायक भी मौजूद थे।
राज्यपाल से मुलाकात में बिरेन सिंह ने सरकार बनाने के लिए दावा पेश किया। राजभवन से बाहर लौटने के बाद प्रकाश जावड़ेकर ने कहा, 'हमारी सरकार बनेगी। बिरेन जी ने अपना दावा पेश किया है और राज्यपाल से सरकार बनाने का आमंत्रण पत्र मिल गया है।' सोमवार को इंफाल में विधायक दल की बैठक में बिरेन सिंह को विधायक दल का नेता चुना गया।
Thank Amit Shah ji,Modi ji & senior leaders; left Cong due to misgovernance, sure that BJP will give good governance to Manipur-NBiren Singh pic.twitter.com/QnxUXwNGgo
— ANI (@ANI_news) March 13, 2017