मणिपुर में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए सभी राजनीतिक दलों ने कमर कस ली है। इसी बीच केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने इंफाल पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार किया। इस दौरान उन्होंने महिला कलाकारों के साथ किया पारंपरिक नृत्य में हिस्सा लिया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
इससे पहले मणिपुर में विधानसभा चुनाव की तारीखों में बदलाव कर दिया गया था। इसके मुताबिक, मणिपुर में पहले चरण के लिए अब 28 फरवरी को वोट डाले जाएंगे। इससे पहले यहां पहले चरण का मतदान 27 फरवरी को होना था। इसके अलावा मणिपुर में दूसरे चरण के मतदान की तारीख को तीन मार्च से बदलकर पांच मार्च कर दिया था।
दरअसल, मणिपुर की 60 सीटों पर दो चरणों में मतदान होने हैं। इसके नतीजे उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब और गोवा के विधानसभा चुनाव के परिणामों के साथ 10 मार्च को घोषित किए जाएंगे। पिछली बार मणिपुर में चार मार्च और आठ मार्च को चुनाव हुए थे।
इसी बीच बीते दिन मणिपुर चुनाव के लिए इंफाल में भाजपा ने अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया था। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इस दौरान कहा था कि मणिपुर सकारात्मक राज्य है, इसमें अपार ऊर्जा है। उन्होंने कहा कि ये पूर्वोत्तर के विकास का प्रवेश द्वार है। पिछले 5 साल में मणिपुर में काफी परिवर्तन हुआ है। उन्होंने कहा कि पहले ये राज्य नाकाबंदी के लिए जाना जाता था, लेकिन अब विकास, समृद्धि और अब तो खेल के लिए भी जाना जाता है।
घोषणा पत्र में क्या है खास
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि महिलाओं, युवाओं और किसानों के सशक्तिकरण पर हमारा फोकस है। हम वंचितों, गरीबों और जरुरतमंदो की मदद करके उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करेंगे। इसके लिए हम पीएम उज्जवला योजना के लाभार्थियों को 2 मुफ्त सिलेंडर देंगे। कॉलेज जाने वाली सभी लड़कियों को मुफ्त स्कूटी उपलब्ध कराएंगे। आर्थिक रुप से कमजोर और पिछड़े वर्ग की लड़कियों की शिक्षा के लिए 25,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि, बारहवीं पास करने वाले मेधावी छात्रों को उनकी उच्च शिक्षा के लिए मुफ्त लैपटॉप भी देंगे।
जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान योजना के तहत किसानों 6000 रुपये से बढ़ाकर 8000 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी। मणिपुर के मछुआरों को 5 लाख का मुफ्त दुर्घटना बीमा दिया जाएगा। उन्होंने कहा हम मणिपुर में एक एम्स खोलेंगे, जिससे यहां के लोगों को इलाज के लिए भटकना न पड़े। इसके अलावा बीजेपी के घोषणा पत्र में वरिष्ठ नागरिकों की मासिक पेंशन 200 रुपये से बढ़ाकर 1,000 रुपये किया जाना भी शामिल है।