कांग्रेस ने एन. बीरेन सिंह के मणिपुर के मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा देने पर रविवार को प्रतिक्रिया दी। विपक्षी पार्टी ने इसे 'देर से उठाया गया कदम' बताया और कहा कि लोग बार-बार विदेश जाने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मणिपुर यात्रा का इंतजार कर रहे हैं। कांग्रेस ने यह हमला उस समय किया है, जब बीरेन सिंह ने इंफाल स्थित राजभवन में राज्यपाल अजय कुमार भल्ला को अपना इस्तीफा सौंपा।
2023 से इस्तीफे की मांग कर रही थी कांग्रेस
अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (एआईसीसी) के संचार प्रभारी जयराम रमेश ने कहा कि कांग्रेस सोमवार को मणिपुर विधानसभा में बीरेन सिंह और उनके मंत्रिमंडल के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी कर रही है। रमेश ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, मणिपुर के मुख्यमंत्री ने इस्तीफा दे दिया है। उनके इस्तीफे की मांग कांग्रेस मई 2023 से कर रही थी, जब मणिपुर में जाती हिंसा शुरू हुई थी।
बहुत देर से आया मुख्यमंत्री बीरेन सिंह का इस्तीफा
उन्होंने कहा, मुख्यमंत्री का इस्तीफा बहुत देर से आया। अब मणिपुर के लोग हमारे बार-बारे विदेश दौरे पर जाने वाले प्रधानमंत्री की मणिपुर यात्रा का इंतजार कर रहे हैं, जो अभी फ्रांस और अमेरिका गए हैं और जिन्होंने पिछले 20 महीनों में मणिपुर जाने के लिए की इच्छा नहीं दिखाई।
अपने इस्तीफे में बीरेन सिंह ने क्या कहा
बीरेन सिंह का इस्तीफा दिल्ली से लौटने के कुछ घंटे बाद आया। राज्यपाल को सौंपे अपने इस्तीफे में बीरेन सिंह ने कहा, मणिपुर के लोगों की सेवा करना मेरे लिए सम्मान की बात रही है। मैं केंद्र सरकार का आभारी हूं, जिसने समय पर कार्यवाही की, हस्तक्षेप किया, विकास कार्य किए और मणिपुर के हरेक नागरिक के हितों की रक्षा के लिए विभिन्न योजनाओं को लागू किया।
केंद्र सरकार के सामने रखे पांच बिंदु
उन्होंने आगे कहा, मेरा केंद्र सरकार से विनम्र निवेदन है कि वह इसी तरह की कार्रवाई जारी रखें। मैं इस मौके पर कुछ महत्वपूर्ण बातों को रखना चाहता हूं। मणिपुर की भौगोलिक अखंडता को बनाए रखा जाना चाहिए, जिसकी हजारों वर्षों की समृद्ध और विविधता भरा सांस्कृतिक इतिहास है। सिंह ने केंद्र से सीमा पार से घुसपैठ पर कड़ी कार्रवाई जारी रखने और अवैध प्रवासियों को वापस भेजने की नीति तैयार करने की अपील की। उन्होंने नशीले पदार्थों के खिलाफ लड़ाई जारी रखने की बात की। उन्होंने केंद्र सरकार से फ्री मूवमेंट रिजीम (एफएमआर) की कड़ी और सुरक्षित संशोधित व्यवस्था जारी रखने की अपील की, जिसमें बायोमेट्रिक की कड़ी जांच की जाएगी और समयबद्ध व तेजी से सीमा पर घुसपैठ के नियंत्रण को सुनिश्चित किया जाएगा।
संबंधित वीडियो-