वरिष्ठ कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर ने कहा कि तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी गठबंधन के बड़े दल द्रमुक से केवल सीटें मांग सकती है। द्रमुक जितनी भी सीटें देगी, उसे स्वीकार करना होगा। उन्होंने कहा, इस पर आखिरी फैसला ‘तलापति’ एमके स्टालिन का ही होगा।
राज्य में अप्रैल-मई में चुनाव हैं। अय्यर को प्रदेश चुनावों के लिए कांग्रेस द्वारा गठित तीन अहम समितियों में जगह दी गई है। उन्होंने कहा, यदि सत्तारूढ़ अन्नाद्रमुक ने भाजपा से गठबंधन किया तो उसके लिए नुकसानदायक होगा। हाल ही में अन्नाद्रमुक ने कहा था कि विधानसभा चुनाव के लिए भी उसका गठबंधन भाजपा से रहेगा। सीट बंटवारे पर उन्होंने कहा, द्रमुक गठबंधन में बड़ा दल है और हम केवल सीटें मांग सकते हैं। द्रमुक जो देगा, हमें स्वीकार करना पड़ेगा।
द्रमुक ने लोकसभा चुनाव में पहले 12 सीटें देने का वाद किया और बाद में नौ से ज्यादा सीटें देने से मना कर दिया। उन्होंने पुडुचेरी सीट कांग्रेस को दी और इसे 10वीं सीट माना। ऐसे में कांग्रेस कुछ भी करे या मांगे, अंतिम फैसला ‘तलापति’ स्टालिन का होगा। तमिल में तलापति का इस्तेमाल कमांडर के लिए इस्तेमाल होता है।
पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 234 सदस्यीय विधानसभा के लिए 41 उम्मीदवार उतारे थे और इनमें 8 ही जीते थे। अय्यर ने कहा, तमिलनाडु में भाजपा ज्यादा कुछ नहीं कर पाएगी। भाजपा सांप्रदायिक कार्ड खेलने की कोशिश करेगी लेकिन ऐसा करने पर उसे हिंदुओं और मुस्लिमों दोनों की सहानुभूति से हाथ धोना पड़ेगा। राज्य के लोग सांप्रदायिक सद्भाव के हिमायती हैं।