गांधी परिवार से नजदीकी रिश्तों के बाद भी मेनका और उनके बेटे वरुण गांधी की दूरियां उस परिवार से जगजाहिर हैं। लेकिन शनिवार को सब उस समय हैरत में रह गए जब अपने संसदीय क्षेत्र पीलीभीत में भ्रष्टाचार के एक मामले से निपटने के लिए उन्होंने अपनी जेठानी और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी का उदाहरण देकर उनकी तारीफ की। मेनका ने बताया कि किस तरह सोनिया गांधी ने भ्रष्टाचार का एक मामला संज्ञान में आने के बाद कार्रवाई की थी।
इंडियन एक्सप्रेस की खबर के अनुसार अपने संसदीय क्षेत्र पीलीभीत में केन्द्रीय मंत्री मेनका गांधी शनिवार को अधिकारियों की बैठक ले रही थी। इसी दौरान उनके सामने शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार का मुद्दा आया।
डिस्ट्रिक्ट विजीलेंस कमेटी की बैठक में जब कुछ अधिकारियों ने उन्हें बताया कि वह भ्रष्टाचार में लिप्त बाबुओं पर कार्रवाई करने के लिए सक्षम नहीं हैं तो मेनका गांधी ने मिसाल देकर बताया कि कैसे सोनिया गांधी ने एक बार अपने नाम का दुरुपयोग रोकने के लिए कदम उठाया था।