महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका गांधी ने ट्रांसजेंडर के लिए ‘अन्य’ शब्द इस्तेमाल करने पर सोमवार को लोकसभा में माफी मांगी। उन्होंने कहा कि इस बात पर वह नहीं ‘हंसी’ थीं और इस समुदाय के बारे में उनके ज्ञान की कमी से वह शर्मिंदा हैं।
मेनका गांधी बृहस्पतिवार को लोकसभा में स्कूली पाठ्यपुस्तकों में मानव तस्करी पर जानकारी शामिल करने की चर्चा के दौरान ट्रांसजेंडर के लिए ‘अन्य’ शब्द का इस्तेमाल कर दिया था। इसका ट्रांसजेंडर समुदाय ने विरोध किया था। उन्होंने मेनका और अन्य सांसदों से चर्चा के दौरान मेज थपथपाने और हंसने के लिए माफी मांगने को कहा था।
मंत्री ने एक ट्वीट में कहा, ‘मैं अन्य शब्द के इस्तेमाल के लिए क्षमा याचना करती हूं। मुझे इसकी आधिकारिक शब्दावली का ज्ञान नहीं था, मैं अपनी अज्ञानता पर शर्मिंदा हूं।’ उन्होंने कहा भविष्य में सभी सरकारी पत्राचार में ट्रांसजेंडर के लिए टीजी का इस्तेमाल होगा।