दिल्ली में हाल ही में ऐसे कई पोस्टर लगे थे जिनमें जेएनयू छात्र संघ के अध्यक्ष कन्हैया कुमार को गोली मारने वाले को 11 लाख के इनाम का ऐलान किया गया था। लेकिन आप जानकर चौंक जाएंगे जिसने ये ऐलान किया था उसके बैंक अकाउंट में महज 150 रुपये ही हैं।
कन्हैया कुमार को लेकर पूर्वांचल सेना के अध्यक्ष आदर्श शर्मा ने ये पोस्टर लगवाए थे। हिंदुस्तान टाइम्स की खबर के मुताबिक इनाम का ऐलान करने वाले आदर्श शर्मा के अकाउंट में महज 150 रुपये मिले हैं। ये खुलासा पुलिस अधिकारी ने किया है।
जांच कर रहे एक अधिकारी के मुताबिक आदर्श शर्मा दिल्ली के रोहिणी इलाके में एक किराए के मकान में रहता है और कई महीने से उसके मकान का किराया भी बकाया है।
बिहार के बेगुसराय में रहने वाले आदर्श शर्मा के खिलाफ संपत्ति विरूपण अधिनियम की रोकथाम के तहत दिल्ली के संसद मार्ग स्थित पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया गया था। जिसमें कार्रवाई से पहले ही आदर्श शर्मा भूमिगत हो गया। हालांकि अब उसे हिरासत में ले लिया गया है।
आदर्श शर्मा के खिलाफ केस दर्ज
पूर्वांचल सेना संगठन उत्तर प्रदेश और बिहार के लोगों के लिए काम करने का दावा करती है।
आदर्श शर्मा के खिलाफ शिकायत उस पोस्टर को लगाने के लिए भी दर्ज किया गया जिसमें कन्हैया कुमार को गोली मारने वाले को 11 लाख के इनाम ऐलान किया गया था। इस पोस्टर में आदर्श शर्मा के ही हस्ताक्षर थे। भारतीय दंड संहिता के धारा 107 के तहत उस पर अलग से मामला रविवार को दर्ज किया गया।
इसके बाद से ही पूर्वांचल सेना के मुखिया का मोबाइल बंद हो गया। उसने अपने परिवार के सदस्यों, दोस्तों और रिस्तेदारों से भी संपर्क तोड़ लिया था। हालांकि अब उसे पुलिस हिरासत में ले लिया गया है।
इससे पहले पुलिस ने शर्मा के गृह जिले बेगुसराय में भी एक टीम जांच के लिए भेजी थी। पुलिस टीम ने दिल्ली-एनसीआर के संभावित ठिकानों पर भी छापेमारी की थी। साथ ही उसके दोस्तों और सहयोगियों से भी पूछताछ की जा चुकी है।
आदर्श शर्मा को हिरासत में लेने से एक दिन पहले रविवार को पुलिस टीम ने दिल्ली के रोहिणी इलाके में स्थित उसके घर पहुंचकर तफ्तीश की और उसके मकान मालिक के साथ-साथ पड़ोसियों से भी सवाल-जवाब किया। मामले में पुलिस अधिकारी ने बताया कि शर्मा के शीर्ष दक्षिणपंथी नेताओं से संबंध है। वहीं एक और अधिकारी के मुताबिक, शर्मा की आय का कोई तय श्रोत नहीं था। पैसों के लिए वह दोस्तों पर ही आश्रित रहता है।
बता दें कि प्रेस क्लब ऑफ इंडिया के बाहर पूर्वांचल सेना की ओर से पर्चे चिपकाए गए। जिसमें कन्हैया कुमार को मारने को लेकर इनाम के ऐलान की बात कही गई थी। पूर्वांचल सेना के बारे में बताया गया कि ये संगठन उत्तर प्रदेश और बिहार के लोगों के लिए काम करता है।
कन्हैया कुमार के खिलाफ छपे पर्चे को लेकर आदर्श शर्मा ने बताया कि कन्हैया का घर बिहार में स्थित घर से महज 10 किलोमीटर दूर है। हमारी धरती देशद्रोहियों को पैदा नहीं करती है। इसलिए मैंने कन्हैया के खिलाफ ऐसे पर्चे लगवाए।