दो साल पहले दिल्ली के चिड़ियााघर में एक व्यक्ति शेर के सामने कूद गया था और शेर ने उसे जान से मार दिया। इसी तरह की घटना रविवार को हैदराबाद में हुई लेकिन चिड़ियाघर के सुरक्षा कर्मियों ने उसकी जान बचा ली। हैदराबाद में 35 वर्षीय एल एंड टी मेट्रो रेल वर्कर नशे की हालत में नेहरु जूलोजिकल पार्क में शेर के सामने कूद गया। जू सुरक्षा कर्मियों की चौकसी के कारण उसे बचा लिया गया। नशे की हालत में शेर के सामने कूदा मुकेश राजस्थान के सीकर जिले का रहने वाला है।
मुकेश पांच दोस्तों के साथ नशे की हालत में चिड़ियाघर घूमने आया। शेर के बाड़े के पास जाकर वह पत्थर के गोल घेरे के करीब गया जहां शेर रहते हैं और घेरे के करीब जाते ही मुकेश ने छलांग लगा दी। जू क्यूरेटर शिवानी डोगरा ने बताया कि,'सुरक्षा कर्मी उसको चेतावनी देते रहे लेकिन जबतक वह पहुंचे, मुकेश शेरों के बाड़े में दीवार से लगे पानी में कूद गया।'
मुकेश के कूदने के बाद शेर और शेरनी उसके नजदीक आ गए। जानवरों की देखभाल करने वाले आर रोपय्या ने शेरों का ध्यान बांटा जिसके बाद जू कर्मियों ने रस्सी से मुकेश को खींचकर बाहर निकाला। मुकेश को बचाने के बाद जू कर्मियों ने पुलिस के हवाले कर दिया। इंस्पेक्टर हरीश सिंह ने बताया कि, 'मुकेश को शेरों की वजह से कोई चोट नहीं आई है सिर्फ कूदने के दौरान ही उसको कुछ खरोंचें आई थीं।'