महाराष्ट्र में नागपुर पुलिस ने जन्मदिन पर केक तलवार से काटने के आरोप में 19 वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार किया है। परदी पुलिस थाने एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी निखिल पटेल का 21 अक्तूबर को जन्मदिन था। जश्न मनाने के लिए वह और उसके दोस्त चार बड़े केक लाए थे।
निखिल ने अपने दोस्तों की मौजूदगी में तलवार से केक काटा। इसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर नागपुर पुलिस की क्राइम ब्रांच ने तलवार का इस्तेमाल करने पर उसे गिरफ्तार कर तलवार भी जब्त कर ली। आर्म्स एक्ट और मुंबई पुलिस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।