महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी 62 वर्षीय दादी की हत्या कर दी। उसे शक था कि दादी उसके ऊपर जादू टोना करती हैं। यह जानकारी पुलिस ने सोमवार को दी। आरोपी का नाम कैलाश दांगते है जो विक्रमगढ़ तालुका के यशवंत नगर का निवासी है।
कैलाश का मानना था कि दादी द्वारा किए जाने वाले जादू टोना के कारण वह जीवन में समस्याओं का सामना कर रहा है। पुलिस का कहना है कि वह इसे लेकर अक्सर दादी से झगड़ा किया करता था। जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष के अधिकारी ने बताया कि रविवार को आरोपी ने अपनी दादी पर कुल्हाड़ी से कई वार किए और वहां से भाग गया।
उन्होंने कहा कि महिला की मौके पर मौत हो गई। परिवार के सदस्यों में से एक ने पुलिस को घटना के बारे में सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है और उसकी तलाश जारी है।