गृहमंत्री अमित शाह के बंगाल दौरे के 17 दिन बाद बांकुरा पहुंची पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को शाह पर जमकर निशाना साधा। ममता ने कहा कि शाह का हाल ही में एक आदिवासी परिवार के घर पर भोजन करना सिर्फ दिखावा है। जबकि उन्होंने जो खाना खाया वह पांच सितारा होटल से मंगाया गया था।
बांकुरा में एक सभा को संबोधित करते हुए ममता ने एक आदिवासी शिकारी की मूर्ति की तुलना स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा के साथ गलत ढंग से करने के लिए शाह पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार आएगी तो मुंडा की जयंती पर राज्य अवकाश घोषित किया जाएगा। हालांकि भाजपा अपनी बात पर कायम है कि वह मूर्ति बिरसा मुंडा की है और मुख्यमंत्री से अपना दावा साबित करने के लिए बतौर सुबूत आदिवासी नेता की तस्वीर मांगी है।
ममता ने शाह के दौरे को सार्वजनिक कार्यक्रम बताते हुए कहा कि उन्होंने आदिवासी घर में जो बासमती चावल और पोस्तर बोरा खाया वह एक पांच सितारा होटल से मंगाया गया। बाहर से एक ब्राह्मण को भी घर में बुलाया गया था। यही नहीं घर के सदस्यों को जो सब्जी काटते हुए दिखाया गया था उसका खाना पकाने में इस्तेमाल तक नहीं किया गया। ममता ने कहा कि भाजपा के झूठ को जनता समझने लगी है।
ऐसी चीजें अब किसी से छिपती नहीं हैं। ममता ने यह भी दावा किया कि पूरे घर को सैनिटाइज किया गया और पेंट भी किया गया था। ममता ने अपना उदाहरण देते हुए कहा कि मैं आज लोगों के बीच गई, खाट पर उनके साथ बैठी और उनकी मुश्किलें सुनीं। मेरा दौरा पूर्व नियोजित नहीं था। जबकि गृहमंत्री अमित शाह का दौरा सिर्फ दिखावा था।