पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार अब आइसक्रीम बेचने की तैयारी में है। सब कुछ योजना के मुताबिक चलता रहा तो जल्दी ही यह सरकारी आइसक्रीम बाजार में पहुंच जाएगी। इसके लिए दुर्गापुर के मदर डेयरी के मृतप्राय कारखाने का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। सरकारी सूत्रों ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी।
सूत्रों ने बताया कि कोलकाता मदर डेयरी की शुद्ध दूध वाली आइसक्रीम पांच और 10 रुपये में उपलब्ध होगी। बाजार में दूसरी कंपनियों के साथ मुकाबला करने के लिए डीलरों की तलाश शुरू हो गई है। अगर राज्य के बेरोजगार युवक डीलर बनना चाहेंगे तो राज्य सरकार उनकी आर्थिक मदद भी करेगी।
राज्य के प्राणी संपदा विकास विभाग के मंत्री सपन देवनाथ का कहना है कि शुद्ध दूध की बनी इस आइसक्रीम में किसी तरह का रासायनिक पदार्थ नहीं होगा। फिलहाल प्रतिदिन पांच हजार आइसक्रीम उत्पादन का लक्ष्य लेकर काम शुरू किया गया है। इस परियोजना पर साढे़ सात करोड़ की पूंजी निवेश की जा रही है।