ममता के कट्टर विरोधी प्रदेश कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि वह बंगाल में यथासंभव अधिक से अधिक सीट हथियाने का प्रयास कर रही हैं ताकि वह अगले लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री पद के लिए अपना दावा कर सकें।
चौधरी ने कहा कि बनर्जी सोच रही हैं कि वह अन्य विपक्षी दलों के समर्थन से प्रधानमंत्री बन जाएंगी, इसलिए वह बंगाल में कांग्रेस को कोई सीट देने से मना कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जब राहुल गांधी विपक्ष को एकजुट करने की बात कर रहे हैं तब ममता बनर्जी तीसरे मोर्चे की चर्चा कर विपक्ष में विभाजन पैदा करने का प्रयास कर रही हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘वह केवल वही करने का प्रयास कर रही हैं जो उनके लिए फिट बैठता है। ’’ बनर्जी पर दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए चौधरी ने कहा कि एक तरफ वह असम एनआरसी से बाहर रह गये 40 लाख लोगों की बात कर रही हैं तो दूसरी तरफ राज्य की सीमा पर बैरीकेड लगा रही हैं।
उन्होंने यह भी याद किया कि कैसे ममता बनर्जी ने 2005 में संसद में पश्चिम बंगाल में अवैध प्रवासियों के खिलाफ स्थगन प्रस्ताव दिया था । उन्होंने मांग की कि वह इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करें। बनर्जी ने भाजपा विरोधी मोर्चा बनाने के प्रयास के तहत कल राष्ट्रीय राजधानी में संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी समेत विभिन्न दलों के नेताओं से भेंट की थी।