पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को कहा कि राज्य में सांप्रदायिक सद्भाव भंग करने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने आम लोगों से कहा कि वे दो समुदायों के बीच मतभेद पैदा करने का प्रयास करने वालों से सावधान रहें। वे यहां राज्य सचिवालय में आयोजित एक कार्यक्रम में बोल रही थीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आम लोग अगर कहीं भी अन्याय होता देखें तो उसका विरोध करें। प्रशासन उनके साथ है। उन्होंने लोगों से सांप्रदायिक तनाव या मतभेद पैदा करने का प्रयास करने वालों को सहन नहीं करने की अपील की। किसी का नाम लिए बिना तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बंगाल की छवि पर बट्टा लगाने के लिए कुछ लोग साजिश रच कर इसे बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से काली पूजा से पहले किसी के भी उकसावे में नहीं आने की अपील की।
ममता ने कहा कि कुछ लोग हमेशा गड़बड़ी फैलाने की फिराक में रहते हैं। वे सिर्फ नष्ट करना जानते हैं, गढ़ना नहीं। ध्यान रहे कि दुर्गापूजा की प्रतिमा के विसर्जन और मुहर्रम के जुलूस को लेकर उपजे तनाव के बाद राज्य के विभिन्न स्थानों से सांप्रदायिक झड़पों की खबरें सामने आई थीं। हालांकि, कई दिनों की चुप्पी के बाद सरकार की ओर से इन खबरों के निराधार होने का दावा किया गया।