पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (फाइल फोटो)
- फोटो : पीटीआई
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को कहा कि राज्य में नए मोटर वाहन कानून को लागू नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कानून के तहत भारी-भरकम जुर्माने की राशि आम आदमी पर बोझ की तरह है। बता दें कि नए मोटर वाहन कानून के तहत ट्रैफिक नियम तोड़ने पर जुर्माने की राशि को बढ़ा दिया गया है।
उन्होंने कहा कि एक संघीय ढांचे में मोटर वाहन (संशोधन) अधिनियम लागू करने जैसे मुद्दों पर निर्णय लेने के लिए राज्य के पास विशेषाधिकार है। इसके अलावा राज्य सरकार लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए 'सेफ ड्राइव सेव लाइफ' कैंपेन चला रही है, जिसके सकारात्मक परिणाम देखने को मिले हैं।
बनर्जी ने कहा, 'हम मोटर वाहन कानून 2019 (संशोधित) को लागू नहीं कर रहे हैं। हम पहले ही 'सेफ ड्राइव सेव लाइफ' कैंपेन चला रहे हैं जिसके अच्छे परिणाम मिले हैं। हम एनजीओ के साथ काम कर रहे हैं ताकि यह कैंपेन हर जगह पहुंच सके।' बता दें कि इस कैंपेन को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने जुलाई 2016 में शुरू किया था।