पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का कहना है कि लॉकडाउन की वजह से देश के विभिन्न हिस्सों में फंसे अपने राज्य के लोगों की हर संभव मदद करेंगी। उन्होंने कहा कि कोटा में फंसे छात्रों को वापस लाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके अलावा अंतर मंत्रिस्तरीय केंद्रीय टीम ने पूर्वी मिदनापुर के एक अस्पताल का दौरा किया।
मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर कहा, 'पश्चिम बंगाल सरकार लॉकडाउन के कारण देश के विभिन्न हिस्सों में फंसे राज्य के लोगों के घर वापस आने में हर संभव मदद करेंगी। मैंने अपने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वह जो भी आवश्यक कदम हों उन्हें उठाएं। जब तक मैं यहां हूं बंगाल का कोई भी असहाय महसूस नहीं करेगा। मैं इस कठिन समय में आपके साथ हूं।'
उन्होंने आगे कहा, 'मैं व्यक्तिगत रूप से इसकी देखरेख कर रही हूं और हम यह सुनिश्चित करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे कि सभी को हर संभव मदद मिल सके। प्रक्रिया की शुरुआत हो चुकी है और कोटा में फंसे बंगाल के सभी छात्र जल्द ही अपनी यात्रा शुरू कर देंगे।'
इसी बीच सोमवार को अंतर मंत्रालयी केंद्रीय टीम ने पूर्वी मिदनापुर में स्थित कोविड-19 मेकोग्राम अस्पताल का दौरा किया ताकि कोरोना वायरस के खिलाफ अस्पताल के निवारक उपायों और दिशानिर्देशों की समीक्षा की जा सके।