भाजपा के वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय ने शनिवार को दावा किया है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अवैध घुसपैठियों के मामले में अपना रुख बदल लिया है और वह प्रधानमंत्री बनने का अपना सपना पूरा करने के लिए एनआरसी के मुद्दे पर लोगों को बांटने का प्रयास कर रही हैं।
उन्होंने तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष पर असम में एनआरसी के मुद्दे पर वोटबैंक की राजनीति करने का भी आरोप लगाया। वे यहां पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। भाजपा नेता ने कहा कि महज प्रधानमंत्री बनने का अपना सपना पूरा करने के लिए किसी मुख्यमंत्री की ओर से लोगों को बांटने का प्रयास करना लज्जाजनक है।
विजयवर्गीय ने कहा कि अवैध घुसपैठियों के मुद्दे पर ममता ने वर्ष 2005 में लोकसभा में हंगामा किया था। लेकिन अब उनका रुख बदल गया है। उन्होंने कहा कि वोट बैंक की राजनीति के तहत रुख बदलने के मुद्दे पर तृणमूल कांग्रेस को सपाई देनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि एनआरसी के मुद्दे पर ममता को दिल्ली दौरे के दौरान किसी राजनीतिक दल का समर्थन नहीं मिला है।