पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी
- फोटो : एएनआई (फाइल)
भाजपा का दावा है कि पिछले महीने बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के निमता इलाके में तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों ने भगवा पार्टी कार्यकर्ता की 82 वर्षीय बुजुर्ग मां पर हमला किया था और चोट के चलते उनकी मौत हो गई। बनर्जी ने नंदीग्राम में एक रैली में कहा, 'मैं नहीं जानती की बहन की मौत कैसे हुई। हम महिलाओं के खिलाफ हिंसा का समर्थन नहीं करते। मैंने अपनी बहनों और माताओं के खिलाफ हिंसा का समर्थन नहीं किया है।'
उन्होंने कहा, 'लेकिन भाजपा अब इस मुद्दे पर राजनीति कर रही है। अमित शाह ट्वीट कर रहे हैं कि बंगाल का क्या हाल है। उत्तर प्रदेश के हाथरस में जब महिला पर हमला किया गया और बर्बरता दिखाई गई तब वह क्यों चुप रहे?' बनर्जी ने कहा कि फिलहाल राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू है, लिहाजा कानून-व्यवस्था चुनाव आयोग के हाथ में हैं। उन्होंने कहा, 'बीते कुछ दिन में तृणमूल के तीन कार्यकर्ताओं की हत्या की गई है।'
उल्लेखनीय है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज (सोमवार) सुबह एक ट्वीट किया था जिसमें उन्होंने कहा था, ' पश्चिम बंगाल की बेटी शोभा मजूमदार जी की मौत को लेकर बहुत गुस्सा हूं, जिनपर टीएमसी के गुंडों ने बर्बरतापूर्वक हमला किया था। उनके परिवार के दुख और दर्द लंबे समय तक ममता दीदी को डराते रहेंगे। पश्चिम बंगाल हिंसा मुक्त कल के लिए लड़ेगा। बंगाल हमारी माताओं और बहनों की सुरक्षा के लिए लड़ाई लड़ेगा।'