पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात के लिए दिल्ली में मौजूद है। कहा जा रहा है कि ममता की सोनिया से ये मुलाकात राष्ट्रपति चुनाव के उम्मीदवार को लेकर होनी है।
राष्ट्रपति चुनाव के लिए सभी पार्टियां विपक्ष का एक उम्मीदवार तय करने की कोशिश कर रही हैं और सोनियां गांधी इसकी अगुवाई कर रही है। पार्टी के उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने इस मामले पर कई विपक्षी पार्टियों से भी बात की है। पिछले हफ्ते ही अस्पताल से घर लौटी 70 वर्षीय कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने ममता बनर्जी को मुलाकात के लिए बुलाया था।
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी का कार्यकाल जुलाई में पूरा हो रहा है, ऐसे में विपक्ष के राष्ट्रपति पद के साझा उम्मीदवार के लिए कांग्रेस मुखिया लगातार कोशिश कर रही हैं। सोनिया गांधी इससे पहले जनता दल यूनाइटेड के अध्यक्ष नीतीश कुमार और नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष शरद पवार से भी इस मामले को लेकर मुलाकात कर चुकी हैं।