पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग से पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपनी पार्टी की जीत को लेकर बड़ा दावा किया है। सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि मां, माटी, मानुष की जीत अब भविष्यवाणी नहीं, बल्कि सिर्फ समय की बात है।
उन्होंने कहा कि हाल ही में आयोजित पदयात्राओं और जनसभाओं में आम लोगों का जबरदस्त उत्साह, स्नेह और भावनात्मक समर्थन देखकर वह बेहद प्रभावित हुई हैं। उन्होंने लिखा कि यह रिश्ता वर्षों से हर चुनौती के समय जनता के साथ खड़े रहने से बना है।
बंगाल की पहचान पर दिया जोर
ममता बनर्जी ने कहा कि पश्चिम बंगाल सदियों से सौहार्द, संस्कृति और सभ्यतागत गौरव का प्रतीक रहा है। उन्होंने कहा कि इस पवित्र धरती पर उन विभाजनकारी और विनाशकारी ताकतों के लिए जगह नहीं , जो बंगाल को उसके अधिकारों से वंचित रखना चाहती हैं। ऐसी ताकतें बंगाल की विरासत को नुकसान पहुंचाना चाहती हैं। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता की लालसा में जनता के सम्मान से खिलवाड़ करने वालों को बंगाल की जागरूक और एकजुट जनता लोकतांत्रिक जवाब देगी।
विकास कार्यों का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उनकी सरकार के विकास कार्य राज्य के हर कोने तक पहुंचे हैं और कोई भी दुर्भावनापूर्ण ताकत इस रफ्तार को रोक नहीं सकती। उन्होंने कहा कि जनता केंद्रित कल्याणकारी योजनाएं बंगाल के लोगों की सुरक्षा कवच हैं और दुनिया की कोई ताकत इन्हें छीन नहीं सकती।
ममता बनर्जी ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि राज्य की जनता हमेशा की तरह विकास, शांति और प्रगति के पक्ष में खड़ी रहेगी।
वोटरों से की खास अपील
दूसरे चरण के मतदान से पहले ममता बनर्जी ने राज्य के सभी नागरिकों से अपील की कि भाषा, संस्कृति और बंगाल की गौरवशाली विरासत की रक्षा के लिए 29 अप्रैल को जोराफूल चुनाव चिन्ह का बटन दबाएं और मां, माटी, मानुष उम्मीदवारों को भारी बहुमत से जिताएं।
चुनावी माहौल गरमाया
पश्चिम बंगाल में चुनावी सरगर्मी चरम पर है। दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होना है, जबकि मतगणना 4 मई को होगी। पहले चरण में रिकॉर्ड 93.2 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था, जिसके बाद टीएमसी और भाजपा दोनों ने बढ़त का दावा किया है। इसी बीच नरेंद्र मोदी भी सोमवार को राज्य में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करने वाले हैं, जिससे चुनावी मुकाबला और दिलचस्प हो गया है।