बिजनेसमैन विजय माल्या की संपत्ति की नीलामी में खरीददार ज्यादा दिलचस्पी नहीं ले रहे हैं लेकिन उनकी विटेंज कार के मामले में रुख थोड़ा अलग सा है। बिजनस टायकून माल्या की 30 विंटेज कारों को नीलामी के लिए 25 अगस्त को रखा गया था। नीलामी में हिस्सा लेने वाले खरीददारों के बीच माल्या की 1903 हंबेर कार को हासिल करने की होड़ देखी गई। इस कार को देश की सबसे पुरानी कार बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि इन कारों की नीलामी ऑनलाइन की गई थी, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया था। यह नीलामी 'क्विपो वैल्यूअर्स एंड ऑक्शनरीज' ने कराई थी। बताया जा रहा है कि नीलामी सुबह चार बजे तक चली। सूत्रों का कहना है, 'हर ब्लॉक में बोलियों को देखते हुए समय 10-10 मिनट बढ़ाना पड़ा।'
माल्या के पास हैं 100 विंटेज कारें
विजय माल्या
बैंक लोन जमा न कराने के कारण कानूनी कार्रवाई का सामना कर रहे माल्या लग्जरी कारों के शौकीन माने जाते हैं। विंटेज और क्लासिक कारों के लिए उनकी दीवानी जगजाहिर है। बताया जाता है कि माल्या के पास ऐसी 100 कारें हैं हालांकि यह साफ नहीं है कि कानूनी तौर पर इनमें से कितनी उनकी हैं।
माल्या की ये खास कारें मुंबई, गोवा, दिल्ली, बेंगलुरु और कोलकाता में खड़ी हुई हैं। एक करीबी सूत्र का कहना है कि 1903 हंबेर के लिए एक करोड़ और ब्रिटिश मेड लैंचेस्टर के लिए करीब 2 करोड़ रुपए तक की बोली लगी।
किसकी होंगी कार, जल्द होगी ऐलान
विंटेज कार
अंग्रेजी अखबार 'मुंबई मिरर' की रिपोर्ट के मुताबिक, सूत्रों का कहना है कि यह अपने किस्म की देश में पहली नीलामी थी। लेकिन सफल बोलियों के बाद भी यूनाइडेट स्प्रिट को नीलामी रदद् करने का पूरा अधिकार है। सूत्रों का कहना है कि नीलामी प्रक्रिया के बाद विजेंट कारों पर किसका हक होगा, इसकी घोषणा जल्द ही की जाएगी। यूनाइटेड स्प्रिट का कहना है कि ये कारें नॉन-कोर एसेट का हिस्सा थीं। कंपनी का कर्ज उतारने के लिए इन कारों का बेचा गया है। गौरतलब है कि 31 मार्च 2016 तक कंपनी पर कुल कर्ज 4 हजार करोड़ रुपए हो गया है।
2012 की मारुति रिट्ज भी हुई नीलाम!
माल्या की कार
जिन कारों की नीलामी की गई उनमें बेंटले टर्बो आर, 2010 रॉल्स रॉयस फैंटम, विंटेज रॉल्स रॉयस शामिल रहीं। इन कारों की अच्छी बोलियां लगीं। नीलामी के लिए रखी गईं कारों में 2012 की मारुति रिट्ज कार भी है। विंटेज और क्लासिक क्लब ऑफ इंडिया के प्रेसिडेंट नीतिन डोसा ने इस नीलानी पर टिप्पणी करने से इंकार किया है। करीब 80 विंटेज कार रखने वाले दिलजीत टिटूज का कहना है कि ऐसी नीलामी के बारे में नहीं सुना। टिटूज ने कहा, 'मैं देश के बाहर था और नीलामी में हिस्सा नहीं लिया।'