विजय माल्या के देश छोड़कर भागने में सीबीआई की भूमिका सबसे ज्यादा संदेहास्पद मानी जा रही है। इस बीच एक और चौंकाने वाली बात का खुलासा हुआ है। विजय माल्या को विदेश जाने से रोकने के लिए सीबीआई ने जो लुकआउट नोटिस जारी किया उसमें बाद में बदलाव कर दिया गया था। इसी बदलाव की वजह से ही माल्या विदेश जाने में कामयाब रहे।
माल्या के विदेश चले जाने की पड़ताल में इस बात का पता चला कि सीबीआई ने लुकआउट नोटिस जारी के करने के एक महीने के ही भीतर उसमें बदलाव कर दिए थे। यह लुकआउट नोटिस अक्टूबर 2015 में जारी किया गया था और नवंबर में ही इसमें बदलाव कर दिए गए थे जिसकी वजह से माल्या आसानी से विदेश चले गए और उन्हें रोका नहीं गया।
सीबीआई ने 16 अक्टूबर 2015 को जो लुकआउट नोटिस जारी किया था उसमें यह साफ निर्देश थे कि अगर माल्या विदेश जाने की कोशिश करते हैं तो उन्हें रोक लिया जाए। इसके अगले ही महीने सीबीआई में लुकआउट नोटिस में बदलाव कर दिया और एयरपोर्ट अथॉरिटी को निर्देश दिए कि अगर माल्या देश से बाहर जाते हैं तो सीबीआई को केवल इसकी सूचना दे दी जाए।