कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बंगलूरू की 'वोट अधिकार रैली' में मोदी सरकार पर वोट चोरी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 2019 में फर्जी वोटों से हारा था। इसके साथ ही खरगे ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव आयोग पीएम मोदी और अमित शाह के इशारे पर चलता है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शुक्रवार को बंगलूरू के फ्रीडम पार्क में आयोजित वोट अधिकार रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने वोट चोरी का आरोप लगाते हुए कहा कि 2019 का लोकसभा चुनाव भी फर्जी वोटों के कारण हारा था। खरगे ने कहा कि मोदी सरकार चोरी की सरकार है। देश को फर्जी वोटों से रुला रही है। मैंने 2019 में कहा था कि कांग्रेस फर्जी वोटों के चलते हारी। अब वो बात सच साबित हो रही है। उन्होंने दावा किया कि चुनाव आयोग पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के इशारे पर काम करता है।
राहुल गांधी ने क्या कहा?
इससे पहले विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले 10 वर्षों की वोटर लिस्ट और मतदान केंद्रों की वीडियो रिकॉर्डिंग तुरंत सार्वजनिक की जाए। उन्होंने कहा कि हमारी पोलिंग रिपोर्ट में हमें कर्नाटक में 16 सीटों पर बढ़त थी, लेकिन नतीजों में सिर्फ 9 मिलीं। हमने चुनाव आयोग से लिस्ट और सीसीटीवी फुटेज मांगी, लेकिन हमें कुछ नहीं मिला। फिर कानून ही बदल दिया गया।