विदेश मंत्रालय (एमईए) ने मंगलवार को अमेरिका में खालिस्तानी आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू की ओर से दायर मुकदमे को लेकर प्रतिक्रिया दी। मंत्रालय ने नई दिल्ली के अधिकारियों पर लगाए गए आरोपों को मनगढ़ंत और दुर्भावनापूर्ण बताया। दरअसल, रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने एक दीवानी मुकदमे में संघीय अदालत का समन भारत सरकार को भेजा था। यह मुकदमा प्रतिबंधित आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने दायर किया है।
एमईए के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने साप्ताहिक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस मुकदमे को बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि भारत में न्यायिक दस्तावेज भेजने के अनुरोध केवल भारत के तय केंद्रीय प्राधिकरण के जरिये ही भेजे जा सकते हैं।
जायसवाल ने कहा, हम अपने वरिष्ठ अधिकारियों पर किए गए मनगढ़ंत और दुर्भावनापूर्ण हमलों के साथ-साथ बेबुनियाद मुकदमों को भी खारिज करते हैं। उन्होंने आगे कहा, भारत में न्यायिक दस्तावेजों की तामील के अनुरोध केवल भारत के तय केंद्रीय प्राधिकरण यानी कानून और न्याय मंत्रालय के जरिये ही भेजे जा सकते हैं।
किन भारतीय अधिकारियों को मुकदमे में शामिल किया?
पिछले महीने अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने नई दिल्ली को संघीय अदालत का समन भेजा था। खालिस्तानी आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने इस मुकदमे में कई भारतीय अधिकारियों के नाम शामिल किए हैं। इनमें राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजित डोभाल और रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (आरएंडएडब्ल्यू) के पूर्व प्रमुख सामंत गोयल भी शामिल हैं।
ये भी पढ़ें:
भारत विरोधी अभियान पर विदेश मंत्रालय सख्त: कहा- झूठ फैलाने की कोशिश दुर्भाग्यपूर्ण, ढाका से कार्रवाई की मांग
किस मामले में दायर किया है दीवानी मुकदमा?
अमेरिकी अदालत का यह आदेश मुकदमे की कानूनी प्रक्रिया में एक नया कदम है। यह मामला 2023 में न्यूयॉर्क में पन्नू की हत्या की कथित साजिश से जुड़ा है। यह दीवानी मुकदमा अमेरिकी न्याय मंत्रालय की ओर से निखिल गुप्ता के खिलाफ की जा रही जांच से भी जुड़ा है। निखिल गुप्ता भारतीय नागरिक है। उस पर नशीले पदार्थों और हथियारों की तस्करी करने का आरोप लगाया गया है।
निखिल गुप्ता पर क्या आरोप लगाए गए हैं?
निखिल गुप्ता को 2023 में चेक गणराज्य में गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद उसे अमेरिका प्रत्यर्पित कर दिया गया। अमेरिकी अभियोजकों ने आरोप लगाया कि गुप्ता ने अन्य लोगों के साथ मिलकर पन्नू की हत्या की साजिश रची थी। इसके लिए उसने एक हत्यारे को सुपारी देने की व्यवस्था करने की कोशिश की थी। आरोपपत्र के मुताबिक, गुप्ता ने विकास यादव के साथ मिलकर काम किया था। विकास यादव कथित तौर पर रिसर्च एंड एनालिसिस विंग से जुड़ा हुआ था।
अमेरिका के आरोपों पर भारत ने क्या कार्रवाई की?
इन आरोपों के जवाब में नई दिल्ली ने एक जांच समिति बनाई थी। इस समिति को वाशिंगटन की ओर से उठाई गई चिंताओं की जांच करने की जिम्मेदारी दी गई थी। वहीं, विकास यादव के खिलाफ भारत की एक अदालत में मामला चल रहा है। भारत ने पन्नू की ओर से दायर दीवानी मुकदमे को पहले ही खारिज कर दिया है। भारत ने इसे 'अनुचित और बिना किसी ठोस आधार वाला' बताया है।