मालेगांव धमाके का आरोपी समीर कुलकर्णी
- फोटो : ANI
2008 में मालेगांव में हुए बम धमाके के आरोपी समीर कुलकर्णी को उसके पुणे के पिंपरी-चिंचवाड़ स्थित आवास पर बुधवार से सशस्त्र सुरक्षा गार्ड की सुरक्षा मिल गई है। कुलकर्णी ने इसी साल 11 मई को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखा था। जिसमें सुरक्षा प्रदान किए जाने की मांग की गई थी।
हालांकि उन्होंने अपनी जीवन को किसी तरह का खतरा तो नहीं बताया था लेकिन उन्होंने तात्कालिक तौर पर सुरक्षा मांगी थी। मालेगांव धमाकों में कुलकर्णी सह-आरोपी हैं। उन्हें अक्तूबर 2017 को मुंबई की सेशंस अदालत ने जमानत दे दी थी। उन्हें 50,000 के मुचलके पर जमानत मिली थी।
भोपाल के एक प्रिंटिंग प्रेस के कर्मचारी कुलकर्णी को धमाके के तुरंत बाद गिरफ्तार कर लिया गया था। अभियोजन पक्ष के अनुसार उनपर विस्फोट में इस्तेमाल हुए रसायनों की व्यवस्था करने का आरोप है। महाराष्ट्र के मालेगांव में 29 सितंबर, 2008 को हुए बम धमाके में छह लोगों की मौत हो गई थी और एक दर्जन घायल हो गए थे। इस धमाके को एक मोटरसाइकिल के जरिए अंजाम दिया गया था।