आंध्रप्रदेश के एसपीएस नेल्लोर जिले में महिला पुलिस कर्मियों के कपड़े सिलने के लिए माप लेने में पुरुष दर्जियों के इस्तेमाल की तस्वीर सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। इस घटना पर राज्य की विपक्षी पार्टी सहित राज्य महिला आयोग ने भी कड़ा विरोध किया है। आयोग की अध्यक्ष वी पद्मा ने जिले के पुलिस अध्यक्ष से मामले पर स्पष्टीकरण मांगा है।
तुरंत की गई कार्रवाई
एसपीएस नेल्लोर जिले के पुलिस अधीक्षक सी विजया राव ने महिला आयोग की अध्यक्ष को बताया कि संबंधित मामले पर तत्काल रूप से कार्रवाई की गई है। वहीं, आगे से सुनिश्चित किया जाएगा कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हो। इस कार्य के इंचार्ज कांस्टेबल पर कार्रवाई की गई है।
विपक्ष ने जताया विरोध
राज्य के विपक्षी दल तेलुगु देशम पार्टी की महिला मोर्चा की अध्यक्षा वेंगलापुडी अनिता ने इस घटना को शर्मनाक बताया है। उन्होंने राज्य की गृहमंत्री एम सुचारिता से कहा कि आपको महिला होने के नाते राज्य की महिला पुलिसकर्मियों के सम्मान का ध्यान रखना चाहिए। वहीं, एसपीएस नेल्लोर पुलिस ने अपने ट्वीट में बताया कि इस मामले में एक अज्ञात व्यक्ति पर प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसने और फोटो खींचने के मामले में कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।
जिले के एसपी ने भी घटनास्थल का दौरा किया और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि अब महिला पुलिसकर्मियों की वर्दी का माप महिला दर्जी ही ले रही हैं। इस मामले में एक महिला सब इंस्पेक्टर और एडिशनल एसपी निगरानी कर रहे हैं। दरअसल, सरकार ने ग्राम वार्ड सचिवालय संरक्षण कार्यकर्ता को महिला पुलिस के रूप में नामित किया है। इस कारण एक नए ड्रेस कोड की व्यवस्था की गई है। वर्दी की सिलाई के लिए विभिन्न ईकाईयों की व्यवस्था की घई है।