इससे पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में मुइज्जू का औपचारिक स्वागत किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी भी मौजूद थे। तीनों सेनाओं ने मुइज्जू को ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया। इसके बाद उन्होंने यहां राजघाट स्थित महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की। मालदीव के राष्ट्रपति अपनी पत्नी साजिदा मोहम्मद और अपने देश के प्रतिनिधिमंडल के साथ रविवार शाम को भारत पहुंचे हैं।
मुइज्जू की पहली राजकीय यात्रा
पिछले वर्ष नवंबर में पदभार ग्रहण करने के बाद से यह मुइज्जू की पहली राजकीय यात्रा है। मुइज्जू जून में प्रधानमंत्री मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए थे। चीन के प्रति झुकाव रखने वाले मुइज्जू के पिछले साल नवंबर में राष्ट्रपति के रूप में कार्यभार संभालने के बाद से भारत और मालदीव के बीच संबंधों में गंभीर तनाव पैदा हो गया था।
भारत-मालदीव के रिश्तों में आ गई थी खटास
मुइज्जू ने ‘इंडिया आउट’ अभियान को आधार बनाकर पिछले साल राष्ट्रपति चुनाव जीता था और उन्होंने नई दिल्ली से द्वीप राष्ट्र में तैनात अपने सैन्यकर्मियों को इस वर्ष मई तक वापस बुलाने को कहा था। द्विपक्षीय संबंधों में उस समय भी खटास आई, जब मालदीव के मंत्रियों ने पीएम मोदी की आलोचना की। बहरहाल, मुइज्जू ने अपने भारत विरोधी रुख को नरम किया और मोदी की आलोचना करने वाले मंत्रियों को बर्खास्त कर दिया।
भारत ने बढ़ाए मदद के हाथ
मालदीव गंभीर आर्थिक मंदी से जूझ रहा है। ऐसे में भारत ने सद्भावना दिखाते हुए मालदीव सरकार के विशेष अनुरोध पर पांच करोड़ अमेरिकी डॉलर के सरकारी बॉण्ड को एक और वर्ष के लिए बढ़ाकर द्वीप देश को अहम बजटीय सहायता दी
जयशंकर ने रविवार को राष्ट्रपति मुइज्जू से मुलाकात की
इस बीच विदेश मंत्री एस जयशंकर ने रविवार को राष्ट्रपति मुइज्जू से मुलाकात की। उन्होंने भरोसा जताया कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ मुइज्जू की बातचीत हमारे मैत्रीपूर्ण संबंधों को नई गति देगी। विदेश मंत्रालय ने कहा कि अपनी यात्रा के दौरान मुइज्जू मोदी के साथ आपसी हितों के द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे। वह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे और मुंबई व बंगलूरू भी जाएंगे। वहीं प्रथम महिला साजिदा मोहम्मद और अपने मंत्रिमंडल के वरिष्ठ मंत्रियों के साथ मालदीव के राष्ट्रपति मंगलवार को आगरा का दौरा करेंगे।
सोशल मीडिया पर मुइज्जू के साथ तस्वीर साझा करते हुए जयशंकर ने लिखा, राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू से भारत की उनकी राजकीय यात्रा की शुरुआत में मुलाकात कर खुशी हुई। भारत-मालदीव संबंधों को बढ़ाने की उनकी प्रतिबद्धता की सराहना करता हूं। विश्वास है कि पीएम नरेंद्र मोदी के साथ उनकी बातचीत हमारे मैत्रीपूर्ण संबंधों को एक नई गति देगी।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रंधीर जायसवाल ने भी सोशल मीडिया पोस्ट में राष्ट्रपति मुइज्जू के आने की जानकारी देते हुए लिखा कि उनकी यात्रा लंबे समय से चली आ रही भारत-मालदीव व्यापक द्विपक्षीय साझेदारी को और बढ़ावा देगी।
दो दिनों के दौर पर हैं मालदीव के राष्ट्रपति
इससे पहले भारतीय रक्षा मंत्रालय के तहत आने वाले रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) के विमान से पत्नी साजिद मोहम्मद के साथ पहुंचे मुइज्जू का नई दिल्ली हवाईअड्डे पर विदेश राज्यमंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने स्वागत किया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आधिकारिक निमंत्रण पर मुइज्जू 6-10 अक्तूबर तक भारत की पहली द्विपक्षीय यात्रा पर आए हैं। वैसे मालदीव के राष्ट्रपति बनने के बाद यह उनकी दूसरी भारत यात्रा है। इससे पहले वह जून में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने आए थे।
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से भी की मुलाकात
मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू सोमवार को भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से मिलने पहुंचे। उपराष्ट्रपति धनखड़ ने एक्स पर पोस्ट किया कि दोनों नेता सहमत हुए कि अपनाया गया दृष्टिकोण दस्तावेज दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों को गहरा करने के लिए एक रूपरेखा के रूप में कार्य करेगा और इसे एक व्यापक साझेदारी में बदल देगा, जो भविष्य उन्मुख और फायदेमंद है। इसके अलावा मालदीव के राष्ट्रपति मुइज्जू ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से भी मुलाकात की।