मलयालम अभिनेत्री प्रिया प्रकाश वारियर को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। अपने आंख मारने वाले वीडियो से चर्चा में आईं प्रिया के खिलाफ हैदराबाद और मुंबई में एक एफआईआर दर्ज थी। दरअसल उनके एक गाने 'ओरु अदार लव..' को लेकर उन पर इस्लाम के अपमान का आरोप लगा था।
जिस गाने पर विवाद हुआ वो केरल के मालाबार क्षेत्र का एक पारंपरिक मुस्लिम गीत है। यह गाना पैगंबर मोहम्मद और उनकी पहली पत्नी खदीजा के बीच प्रेम का वर्णन और प्रशंसा करता है। इस गाने के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद तेलंगाना, रजा अकादमी और जन जागरण समिति ने मुसलमानों की धार्मिक भावनाओं को कथित तौर पर चोट पहुंचाने के लिए प्रिया पर एफआईआर दर्ज कराई थी।
याचिकाकर्ताओं ने दायर याचिका में कहा था कि तेलंगाना और महाराष्ट्र में गाने की गलत व्याख्या के आधार पर विभिन्न समूहों द्वारा आपराधिक शिकायतें दर्ज की गई हैं और इसी तरह की शिकायतें अन्य गैर-मलयालम भाषी राज्यों में भी दर्ज होने की संभावना लग रही थी।