पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री
ममता बनर्जी ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि भविष्य निधि की ब्याज में कमी
पंजाब नेशनल बैंक घोटाले का नतीजा है और इसकी वजह से कामकाजी लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा। उत्तर दिनाजपुर जिले की एक रैली में उन्होंने कहा कि बैंक घोटाले की 11,400 करोड़ की रकम की भरपाई के लिए आम लोगों की जेब से पैसे निकाले जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र में भाजपा की अगुवाई वाली एनडीए सरकार के सत्ता में आने के समय वर्ष 2014 में ब्याज दर 8.82 फीसदी थी जो अब घट कर 8.55 फीसदी तक पहुंच गई है। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि जब भी सार्वजनिक धन की लूट होती है, उसकी भरपाई के लिए लोगों की जेब से पैसे निकाले जाते हैं। उन्होंने कहा कि पीएफ की ब्याज दर में 0.10 फीसदी की कटौती से आम लोगों को भारी नुकसान सहना पड़ेगा।