भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के हाल ही में प्रशिक्षण पूरा करने वाले अधिकारियों के एक बैच को प्रोबेशन और अपने-अपने कैडर में तैनाती से पहले केंद्रीय गृह मंत्रालय से जोड़ा जाएगा। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। ऐसा पहली बार हो रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, 78 आरआर बैच में 151 प्रशिक्षु अधिकारी शामिल हैं। इनमें पड़ोसी देशों के 16 विदेशी अधिकारी भी हैं। इस बैच ने हाल ही में सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में प्रशिक्षण का पहला चरण पूरा किया है।
ट्रेनिंग में इन बातों पर फोकस
रिपोर्ट के अनुसार, 2025 बैच को गृह मंत्रालय से जोड़ने के लिए गुरुवार को विज्ञान भवन में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया है। 17 अक्तूबर को आईपीएस अधिकारियों के नियमित भर्ती बैच की दीक्षांत परेड को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह सचिव ने गृह मंत्री अमित शाह का संदेश साझा किया था। इसमें आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस, तय समयसीमा में कार्रवाई और खुफिया एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल पर जोर दिया गया था।
गृह मंत्रालय की ओर से 2023 में जारी आईपीएस प्रशिक्षण संबंधी दिशानिर्देशों के मुताबिक, सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में प्रशिक्षण पूरा करने के बाद अधिकारियों को अपने आवंटित राज्य में आगे का प्रशिक्षण लेना होगा। इसकी अवधि केंद्र सरकार संबंधित राज्य सरकार से परामर्श करके तय करेगी।