मेजर जनरल डॉ. माधुरी कानिटकर
- फोटो : ANI
मेजर जनरल माधुरी कानिटकर ने शनिवार को लेफ्टिनेंट जनरल पद संभाल लिया। रक्षा क्षेत्र में वह यह कीर्तिमान स्थापित करने वाली देश की तीसरी महिला हैं। लेफ्टिनेंट जनरल कानिटकर ने नई दिल्ली में डिप्टी चीफ, इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ (डीसीआईडीएस), मेडिकल (चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ के तहत) का कार्यभार संभाला। एक दिन पहले विभाग ने माधुरी को पदोन्नति देने को मंजूरी दी थी।
यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली महिला नौसेना की वाइस एडमिरल डॉ. पुनीता अरोड़ा थीं। वायुसेना की महिला एयर मार्शल पद्मावती बंदोपाध्याय इस पद पर पदोन्नत होने वाली दूसरी महिला थी। इसके साथ ही वह सशस्त्र बलों की पहली बाल चिकित्सक हैं, जो यह पद संभालेंगी।
खास बात है कि माधुरी के पति राजीव कानिटकर भी लेफ्टिनेंट जनरल के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। भारत के इतिहास में यह पहला मौका है, जब पति और पत्नी दोनों ही सेना में लेफ्टिनेंट जनरल रहे हों।